रसोई गैस-पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाहों पर लगाम, प्रशासन सख्त, जिले में एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक, ब्लैक मार्केटिंग पर होगी कड़ी कार्रवाई


जिला कोरिया। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे संघर्ष से जुड़ी अफवाहों के बीच जिले में रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। कलेक्टर श्रीमती चन्दन त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक श्री रवि कुमार कुर्रे ने गैस वितरक एजेंसियों और पेट्रोल पंप संचालकों की संयुक्त बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने जिले की सभी गैस एजेंसियों से घरेलू व व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों के स्टॉक, वितरण व्यवस्था और कीमतों की विस्तृत जानकारी ली। एजेंसियों ने प्रशासन को अवगत कराया कि जिले में गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की समस्या नहीं हो रही है। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जिले में रसोई गैस की कोई कमी नहीं है और कमी से जुड़ी अफवाहों पर ध्यान देने की आवश्यकता नहीं है।
अवैध भंडारण और ब्लैक मार्केटिंग पर कड़ी कार्रवाई

कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने कहा कि एलपीजी सिलेंडरों का अवैध भंडारण, ब्लैक मार्केटिंग या निर्धारित कीमत से अधिक दर पर बिक्री जैसी गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने गैस एजेंसियों को निर्देश दिए कि सिलेंडरों की डिलीवरी बुकिंग तिथि के अनुक्रम में “फर्स्ट कम-फर्स्ट सर्व” के आधार पर की जाए और प्रत्येक डिलीवरी ओटीपी ऑथेंटिकेशन के माध्यम से ही सुनिश्चित की जाए। साथ ही किसी भी उपभोक्ता को 25 दिनों से पहले दूसरा सिलेंडर जारी नहीं किया जाएगा।

आवश्यक संस्थानों को प्राथमिकता

कलेक्टर ने खाद्य अधिकारी को निर्देशित किया कि गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंपों से प्रतिदिन स्टॉक की जानकारी ली जाए। उन्होंने स्कूल, आश्रम, छात्रावास, जेल और अस्पतालों को प्राथमिकता के आधार पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही एम्बुलेंस व अन्य शासकीय वाहनों को पेट्रोल-डीजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री कुर्रे ने गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंप संचालकों को अपने सभी सीसीटीवी कैमरे चालू रखने के निर्देश दिए। साथ ही बिना नंबर प्लेट और बिना हेलमेट वाले वाहनों को पेट्रोल-डीजल न देने के लिए भी कहा गया।

नागरिकों से अपील

कलेक्टर श्रीमती चन्दन त्रिपाठी ने जिलेवासियों से अपील की है कि रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैल रही भ्रामक खबरों और अफवाहों पर विश्वास न करें। किसी भी जानकारी की पुष्टि अधिकृत शासकीय स्रोतों से ही करें और अनावश्यक रूप से ईंधन या गैस का भंडारण न करें। किसी भी समस्या या शिकायत के लिए टोल-फ्री नंबर 1906 पर संपर्क किया जा सकता है।

बैठक में अपर कलेक्टर श्री डीडी मंडावी, बैकुंठपुर एसडीएम श्री उमेश कुमार पटेल, जिला खाद्य अधिकारी श्री नटवर राठौर सहित जिले के गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंप संचालक उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ