आपात सेवाओं को मजबूत बनाने डायल 112 की कार्यशाला आयोजित


जिला कोरिया। रक्षित केंद्र बैकुंठपुर में 27 मार्च 2026 को डायल 112 की एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य आपातकालीन सेवाओं को और अधिक प्रभावी, त्वरित एवं जनहितकारी बनाना रहा। कार्यक्रम में विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यशाला के दौरान डायल 112 सेवा की कार्यप्रणाली, त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली (Emergency Response System) तथा आम नागरिकों को मिलने वाली सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। रक्षित निरीक्षक विपुल आनंद जांगड़े ने बताया कि डायल 112 के माध्यम से पुलिस, अग्निशमन एवं एम्बुलेंस जैसी आपात सेवाएं एक ही नंबर पर तत्काल उपलब्ध कराई जाती हैं, जिससे आपात स्थिति में शीघ्र सहायता सुनिश्चित होती है।
कार्यक्रम में सेवा की गुणवत्ता में सुधार, तकनीकी सुदृढ़ीकरण एवं विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही प्रतिक्रिया समय को कम करने तथा आमजन तक सेवा की पहुंच बढ़ाने के उपायों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

अंत में कर्मचारियों से सुझाव प्राप्त किए गए और भविष्य में डायल 112 सेवा को और अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने का संकल्प लिया गया।

उक्त कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक रवि कुर्रे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. सुरेशा चौबे के निर्देशन एवं एसडीओपी राजेश साहू के पर्यवेक्षण में रक्षित निरीक्षक विपुल आनंद जांगड़े द्वारा संपन्न कराया गया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ