तमजीरा में महिलाओं की भागीदारी से जल महोत्सव का शुभारंभ, 22 मार्च तक चलेगा जल महोत्सव, सुरक्षित पेयजल और सामुदायिक भागीदारी को मिलेगा बढ़ावा



जिला कोरिया। जल शक्ति मंत्रालय द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 8 मार्च से 22 मार्च तक देशभर में आयोजित किए जा रहे जल महोत्सव के तहत बैकुंठपुर विकासखंड के ग्राम तमजीरा में महिलाओं की सहभागिता के साथ जल महोत्सव का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीण महिलाओं और जनप्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और जल संरक्षण व सुरक्षित पेयजल के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में सरपंच श्रीमती पुष्पा सिंह, पंच श्रीमती ललिता सिंह, श्रीमती कमलादेवी, जल मित्र सुशीला साहू तथा जल बहनियां उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर कार्यपालन अभियंता श्री मनोज ठाकुर ने बताया कि जल महोत्सव 8 से 22 मार्च तक चलने वाला विशेष पखवाड़ा है। इसका मुख्य उद्देश्य ग्राम पंचायतों को जल आपूर्ति से संबंधित संपत्तियों का औपचारिक हस्तांतरण करना, जल गुणवत्ता परीक्षण और निगरानी व्यवस्था को मजबूत बनाना तथा सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।

उन्होंने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि जल महोत्सव के माध्यम से सभी लोग सक्रिय रूप से भागीदारी निभाएं, जिससे सतत और समुदाय आधारित जल प्रबंधन को और अधिक मजबूत किया जा सके।

उन्होंने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत पेयजल आपूर्ति की जिम्मेदारी ग्राम पंचायतों को सौंपी गई है। अब ग्राम पंचायत ही योजना के संचालन, रखरखाव और जल गुणवत्ता की निगरानी करेगी, जिससे ग्रामीणों को मानकों के अनुरूप शुद्ध पेयजल नल के माध्यम से निरंतर उपलब्ध हो सकेगा।

कार्यक्रम के अंत में जल अर्पण दिवस के रूप में जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को जल संरक्षण, जल स्रोतों की सुरक्षा और स्वच्छ पेयजल के महत्व के बारे में जानकारी दी गई तथा सभी को पानी बचाने का संदेश दिया गया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ