नौकरी दिलाने के नाम पर करोड़ों का जाल, कई युवतियों से लाखों की ठगी, आरोपी गिरफ्तार


जिला कोरिया। पटना थाना क्षेत्र। क्षेत्र में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले आरोपी के खिलाफ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। आरोपी द्वारा कई लोगों से लाखों रुपये ठगने का मामला सामने आया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया आरती पटेल पति राजकुमार पटेल, निवासी ग्राम तेंदुआ ने थाना पटना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि आरोपी संदीप सिंह सारथी निवासी टेंगनी ने दिसंबर 2024 में महिला एवं बाल विकास विभाग में आंगनबाड़ी सुपरवाइजर की नौकरी दिलाने का झांसा देकर उससे अलग-अलग किश्तों में लगभग ₹2,40,000 के साथ अन्य ₹44,000 एवं ₹24,750 रुपये वसूल लिए। इसके बावजूद आरोपी ने कोई नौकरी नहीं दिलाई और पूरी राशि हड़प ली।

इसी तरह आरोपी ने स्तुति पटेल एवं प्रियंका कुजूर को भी आत्मानंद विद्यालय में शिक्षक पद पर नियुक्ति का झांसा देकर दोनों से ₹1,80,000-₹1,80,000 रुपये की ठगी की। आरोपी ने किसी भी आवेदक को नौकरी नहीं दिलाई और धोखे से रकम अपने पास रख ली।

प्रार्थिया की शिकायत पर थाना पटना में अपराध क्रमांक 89/2026, धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी सुमित सिंह सारथी ने ठगी की रकम से एक कार (CG 15 K 0226) खरीदी थी, जिसकी मासिक किश्त ₹24,700 अदा की जा रही थी। पुलिस ने 27 मार्च 2026 को उक्त वाहन को आरोपी के कब्जे से जब्त कर लिया।

पुलिस ने आरोपी को 27 मार्च 2026 को शाम 4:30 बजे गिरफ्तार कर उसकी पत्नी बसंती को सूचना दी और बाद में उसे माननीय न्यायालय बैकुंठपुर में प्रस्तुत किया। जहां से न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी के आदेश पर आरोपी को जिला जेल बैकुंठपुर भेज दिया गया है।

यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रवि कुर्रे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. सुरेशा चौबे एवं एसडीओपी राजेश साहू के निर्देशन तथा थाना प्रभारी उपनिरीक्षक प्रमोद पांडे व प्रधान आरक्षक सत्येंद्र तिवारी की टीम द्वारा की गई।

जन अपील

थाना पटना पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नौकरी दिलाने के नाम पर किसी भी अज्ञात व्यक्ति को पैसा न दें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ