कोरिया जिले के 1500 से अधिक भूमिहीन मजदूरों को मिली बड़ी सौगात, डेढ़ करोड़ से अधिक राशि सीधे खातों में अंतरित


जिला कोरिया। प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी दीनदयाल भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत कोरिया जिले के भूमिहीन कृषि मजदूरों को बड़ी राहत मिली है। बुधवार को मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के हाथों प्रदेशभर के लाखों हितग्राहियों के खातों में राशि अंतरित की गई, वहीं जिले के 1,528 भूमिहीन कृषि मजदूरों के खातों में लगभग 1.52 करोड़ रुपए की राशि सीधे ट्रांसफर की गई।

इस अवसर पर जिला प्रशासन के तत्वावधान में ब्लॉक स्तर पर विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। पटना तहसील स्थित पंडित ज्वाला प्रसाद शासकीय महाविद्यालय एवं सोनहत के सामुदायिक भवन में हितग्राही सम्मेलन आयोजित कर मजदूरों को योजना की जानकारी दी गई और उन्हें प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों ने बताया कि यह योजना भूमिहीन कृषि मजदूरों को आर्थिक सहायता प्रदान कर उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सीधे बैंक खातों में राशि हस्तांतरण से पारदर्शिता सुनिश्चित हो रही है और जरूरतमंदों को समय पर लाभ मिल रहा है।

हितग्राहियों के चेहरों पर दिखी खुशी

राशि मिलने से भूमिहीन मजदूरों में खासा उत्साह देखने को मिला। हितग्राहियों ने शासन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह सहायता उनके परिवार के लिए बड़ी राहत साबित होगी।
इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सहित बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे। सभी ने योजना के सफल क्रियान्वयन पर संतोष व्यक्त किया और शासन की इस पहल की सराहना की।

यह पहल न केवल आर्थिक संबल प्रदान करती है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र के भूमिहीन मजदूरों के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी साबित हो रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ