प्राप्त जानकारी के अनुसार अम्बेडकर नगर के तीन तल्ला स्थित क्वार्टर क्रमांक 1756 में रहने वाले एसईसीएल कर्मी श्याम लाल पांव लगभग 48 वर्ष पिता स्वर्गीय सुखदेव पांव चरचा वेस्ट क्षेत्र में कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि वे अपनी पत्नी के साथ उक्त क्वार्टर में रहते थे। शनिवार की सुबह लगभग 4 बजे किसी अज्ञात कारणवश वे अपने घर की बालकनी से नीचे महु के बल गिर पड़े, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई और काफी खून निकलने से घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
बताया जाता है कि सुबह जब उनकी पत्नी की नींद खुली और उन्होंने पति को घर में नहीं देखा, तब बाहर जाकर देखा तो वे नीचे गिरे हुए थे। यह दृश्य देखकर वह घबरा गईं और तुरंत अपने परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी। वहीं आसपास के लोगों ने भी घटना की सूचना चरचा थाना को दी।
सूचना मिलते ही चरचा थाना प्रभारी उप निरीक्षक आनंद सोनी अपने स्टाफ के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। उनके साथ उप निरीक्षक बालेश्वर महानंदी, प्रधान आरक्षक शशि भूषण, आरक्षक साकेत मरकाम तथा सैनिक विकास सिंह भी मौजूद रहे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया। इसके अलावा चिरमिरी से फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
घटना की जानकारी मिलते ही सह क्षेत्र प्रबंधक संजय सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि एसईसीएल प्रबंधन मृतक कर्मचारी के परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने बताया कि कंपनी की ओर से नियमानुसार हर संभव सहायता मृतक के परिजनों को प्रदान की जाएगी। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को पूरे मामले की जानकारी लेकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश भी दिए।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बैकुंठपुर भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि घटना के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंच गए। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष अरुण जायसवाल, नपा उपाध्यक्ष राजेश सिंह, पार्षद कुंडल साय, प्रदीप तिवारी तथा कांग्रेस ब्लॉक उपाध्यक्ष भूपेंद्र यादव सहित एसईसीएल के कार्मिक प्रबंधक ददन राम, सुरक्षा प्रहरी जितेन्द्र यादव, सुनील बडला, प्रधान महिला सुरक्षा कर्मी सुमन एक्का मौजूद रही
बताया जा रहा है कि मृतक मूलत मध्यप्रदेश के बिजुरी का निवासी था और वर्ष 2014 में जमीन बहाली के तहत एसईसीएल में नौकरी पर लगा था। मृतक के दो पुत्र हैं। घटना की खबर मिलते ही बडा पुत्र अपने चाचा के साथ बिजुरी से चरचा पहुंचे।
अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।इधर घटना की खबर फैलते ही अम्बेडकर नगर सहित आसपास के क्षेत्र के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। सभी इस अचानक हुई घटना से स्तब्ध नजर आए।
पुलिस अधिकारियों ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह दुर्घटनावश गिरने की घटना है या किसी अन्य कारण से हादसा हुआ, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। पुलिस का कहना है कि यदि जांच में कोई संदिग्ध तथ्य सामने आता है तो उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद मृतक के परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है।प्रशासन से हर संभव सहायता दिलाने की बात कही।एसईसीएल कॉलोनी में रहने वाले कर्मचारियों ने भी इस घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया है।
0 टिप्पणियाँ