बैकुंठपुर/कोरिया। होली पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कोरिया पुलिस द्वारा सोमवार 2 मार्च को जिले में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से निर्भीक होकर होली मनाने और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।
फ्लैग मार्च से पूर्व पुलिस लाइन में पुलिस अधीक्षक श्री रवि कुमार कुर्रे के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. श्रीमती सुरेशा चौबे ने उपस्थित अधिकारियों एवं जवानों को होली ड्यूटी एवं सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। ब्रीफिंग के बाद पुलिस बल द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया।
फ्लैग मार्च पुलिस लाइन से प्रारंभ होकर बैकुंठपुर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरा। इसके बाद मार्च चरचा एवं पटना क्षेत्र के मुख्य चौक-चौराहों से होते हुए पुनः बैकुंठपुर में संपन्न हुआ। इस दौरान पुलिस ने लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा अफवाहों से दूर रहने की अपील की।
🚨 हुड़दंगियों पर सख्ती, डीजे और नशे में ड्राइविंग पर कार्रवाई
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि होली के दौरान किसी भी प्रकार की हुड़दंग, नशे की हालत में वाहन चलाने, शांति भंग करने या माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रमुख चौक-चौराहों पर ब्रेथ एनालाइजर से जांच की जाएगी।
बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए बिना अनुमति डीजे बजाने एवं विवादित गाने चलाने पर प्रतिबंध रहेगा। आवश्यकता पड़ने पर डीजे उपकरण जब्त किए जाएंगे।
🚦 यातायात नियमों के पालन की अपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि हेलमेट अनिवार्य रूप से पहनें, ट्रिपल राइडिंग से बचें, किसी पर जबरन रंग न लगाएं, ज्वलनशील पदार्थों का प्रयोग न करें, मुखौटा लगाकर न घूमें सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट न करें पुलिस ने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
फ्लैग मार्च में एसडीओपी श्री राजेश साहू, डीएसपी श्री श्याम मधुकर, रक्षित निरीक्षक श्री नितेश आर. नायर, यातायात प्रभारी श्री बीरबल राजवाड़े सहित सभी थाना प्रभारी एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कोरिया पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जिले में होली पर्व के दौरान सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था रहेगी और असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
0 टिप्पणियाँ