जिला कोरिया। आयुष चिकित्सा के माध्यम से ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ग्राम जगतपुर में निःशुल्क आयुष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. एलवीना ग्रेस टोप्पो के निर्देशानुसार शासकीय आयुर्वेद औषधालय उमझर द्वारा आयोजित किया गया।
शिविर के दौरान ग्रामीणों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा रक्तचाप (बीपी) की जांच भी की गई। साथ ही मौसमी एवं सामान्य बीमारियों के उपचार के लिए ग्रामीणों को निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियों का वितरण किया गया। शिविर में पहुंचे लोगों को संतुलित आहार, उचित दिनचर्या, ऋतुचर्या तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में भी विस्तार से जानकारी और परामर्श दिया गया।
इस स्वास्थ्य शिविर में आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. जे.एन. मिश्रा, आयुष चिकित्सक डॉ. अंजली, फार्मासिस्ट युवराज सिन्हा, एमपीडब्ल्यू नूपेन्द्र साहू तथा योग सहायक कृष्णा राजवाड़े ने सक्रिय भूमिका निभाई। टीम द्वारा ग्रामीणों को आयुष चिकित्सा पद्धति के महत्व और रोगों से बचाव के उपायों के बारे में भी जागरूक किया गया।
शिविर में कुल 58 लाभार्थियों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त किया। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों के नियमित आयोजन की अपेक्षा जताई।
स्थानीय जनसहयोग से आयोजित यह स्वास्थ्य शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
0 टिप्पणियाँ