जिला कोरिया/एमसीबी। छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन, जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के बैनर तले जिले के शासकीय कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर एकजुट होकर शासन का ध्यान आकर्षित किया। कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव, छत्तीसगढ़ शासन के नाम ज्ञापन सौंपते हुए मांगों के शीघ्र निराकरण की मांग की।
कार्यक्रम का आयोजन पूरी तरह से शांतिपूर्ण ढंग से किया गया। शासकीय कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसे ध्यान में रखते हुए यह प्रदर्शन भोजन अवकाश के दौरान ही किया गया। जिला स्तर पर कलेक्टर एमसीबी को तथा विकासखंड स्तर पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के माध्यम से ज्ञापन प्रेषित किया गया।
जिला सह संयोजक श्री गोपाल प्रसाद बुनकर ने बताया कि फेडरेशन द्वारा पूर्व में भी कई बार शासन का ध्यान कर्मचारियों की समस्याओं की ओर आकर्षित किया गया है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों में लगातार बढ़ती नाराजगी अब इस रूप में सामने आ रही है।
प्रांतीय कार्यालयीन सचिव एवं जिलाध्यक्ष एमसीबी दीपक कुमार साहू ने कहा कि कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में महंगाई भत्ता एरियर का भुगतान, समयमान वेतनमान का लाभ, अर्जित अवकाश का नगदीकरण तथा संविदा कर्मचारियों का नियमितीकरण शामिल हैं। उन्होंने कहा कि ये सभी मांगें लंबे समय से लंबित हैं, जिससे कर्मचारियों में असंतोष का माहौल बना हुआ है।
फेडरेशन ने स्पष्ट रूप से कहा है कि यदि शीघ्र ही मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो भविष्य में आंदोलन को और तेज किया जा सकता है। इस दौरान विभिन्न विभागों के बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं अधिकारी उपस्थित रहे और एकजुटता का परिचय दिया।
कर्मचारियों ने उम्मीद जताई है कि शासन उनकी जायज मांगों पर गंभीरता से विचार कर जल्द ही समाधान निकालेगा, जिससे कर्मचारियों को राहत मिल सके।
0 टिप्पणियाँ