जिला कोरिया। राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले में शिशु संरक्षण माह का शुभारंभ मंगलवार को ग्राम ओडगी स्थित टीकाकरण केंद्र में किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी रहीं, जिन्होंने अभियान की औपचारिक शुरुआत करते हुए बच्चों के स्वास्थ्य संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि यह अभियान 17 मार्च से 21 अप्रैल 2026 तक जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत 9 माह से 59 माह तक के बच्चों को विटामिन-ए सिरप पिलाया जाएगा, वहीं 6 माह से 59 माह तक के बच्चों को आयरन एवं फोलिक एसिड (आईएफए) सिरप वितरित किया जाएगा, जिससे कुपोषण और एनीमिया की समस्या को कम किया जा सके।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान एनीमिया की जांच, स्तनपान संबंधी जागरूकता गतिविधियां, ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस का आयोजन तथा नियमित टीकाकरण सेवाओं को भी सुदृढ़ किया जाएगा।
अभियान निर्धारित तिथियों 17, 20, 24, 27 और 30 मार्च तथा 2, 7, 10, 17 एवं 21 अप्रैल 2026 को आयोजित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक बच्चों को इसका लाभ मिल सके।
स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को नजदीकी टीकाकरण केंद्र में लाकर इस अभियान का लाभ अवश्य दिलाएं।
इस अवसर पर जिला टीकाकरण अधिकारी, खंड विस्तार प्रशिक्षण अधिकारी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ