चरचा कॉलरी। थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत खरवत में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। पारिवारिक विवाद और जमीन के लेन-देन ने ऐसा भयावह रूप ले लिया कि एक बेटे ने ही अपने पिता की बेरहमी से हत्या कर दी और शव को तालाब में फेंक दिया।
घटना 15-16 जनवरी 2026 की दरम्यानी रात की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, प्रार्थी अरविंद राजवाड़े ने 16 जनवरी को थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके पिता सौभा राम राजवाड़े वर्ष 2001 से दूसरी पत्नी के साथ रह रहे थे। दूसरी पत्नी की मृत्यु के बाद वह अपने हिस्से की जमीन बेच रहे थे, जिससे परिवार में विवाद की स्थिति बनी हुई थी।
इसी दौरान 16 जनवरी की सुबह लगभग 7 बजे ग्रामीणों ने सूचना दी कि खरवत उपरपारा स्थित नान मोहारी तालाब में एक व्यक्ति का शव पड़ा है। मौके पर पहुंचकर देखा गया तो शव नग्न अवस्था में था। पहचान करने पर वह सौभा राम राजवाड़े का निकला। पुलिस ने तत्काल मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होते ही पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। मुखबिर से मिली अहम सूचना के आधार पर खुलासा हुआ कि 15 जनवरी की रात करीब 8 बजे आरोपी राम कैलाश राजवाड़े (37 वर्ष) अपने पिता को घर ले गया था, जहां उसने गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी।
इस जघन्य वारदात में आरोपी के छोटे भाई अरविंद राजवाड़े (27 वर्ष) ने भी उसका साथ दिया। दोनों ने साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को घर से लगभग एक किलोमीटर दूर नान महुआरी तालाब में फेंक दिया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक आनंद सोनी, प्रधान आरक्षक बृजेश सिंह, शशि भूषण, आरक्षक साकेत मरकाम, सैनिक सतीश सिंह सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजते हुए जेल दाखिल कर दिया गया है।
इस निर्मम घटना से क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। रिश्तों को तार-तार कर देने वाली इस वारदात ने समाज को झकझोर कर रख दिया है, जहां जमीन के लालच में बेटे ने ही पिता की जान लेली।
इस सनसनीखेज हत्याकांड के सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि मृतक सौभा राम राजवाड़े और उसके बेटों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था, जो धीरे-धीरे गंभीर रूप लेता गया और आखिरकार इस खौफनाक अंजाम तक पहुंच गया।
घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है। एक ओर जहां परिवार के भीतर ही इस तरह की वारदात ने सभी को झकझोर कर रख दिया है, वहीं ग्रामीणों में भी भय और आक्रोश देखने को मिल रहा है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पारिवारिक विवाद का समाधान हो जाता, तो शायद इस तरह की घटना टाली जा सकती थी।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ में कई महत्वपूर्ण खुलासे हुए हैं और घटना में प्रयुक्त अन्य साक्ष्यों को भी जुटाया जा रहा है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हत्या के पीछे केवल जमीन विवाद ही कारण था या अन्य कोई वजह भी सामने आ सकती है।
फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
यह घटना एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करती है कि लालच और आपसी विवाद किस हद तक इंसान को गिरा सकता है, जहां अपने ही खून के रिश्ते भी सुरक्षित नहीं रह जाते।
0 टिप्पणियाँ