शासकीय स्कूल में निशुल्क आयुष चिकित्सा शिविर आयोजित, छात्रों का स्वास्थ्य परीक्षण, योग-प्राणायाम व ग्रीष्मकालीन रोगों से बचाव की दी गई जानकारी


जिला कोरिया। संचालनालय आयुष रायपुर के निर्देशानुसार एवं जिला आयुष अधिकारी के मार्गदर्शन में शासकीय प्राथमिक शाला एवं माध्यमिक शाला पुलिस लाइन बैकुंठपुर में आयुष विंग जिला चिकित्सालय बैकुंठपुर द्वारा निशुल्क आयुष चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में विद्यालय के छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
शिविर के दौरान चिकित्सकों ने विद्यार्थियों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा पढ़ाई में एकाग्रता बढ़ाने के लिए ध्यान और प्राणायाम का अभ्यास कराया। साथ ही ग्रीष्म ऋतु में होने वाले विभिन्न रोगों, उनके लक्षणों तथा उनसे बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी भी दी गई।
चिकित्सकों ने बच्चों को स्वच्छता के महत्व, हाथ धोने की सही विधि, सुपोषण, संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या और रात्रिचर्या के बारे में जागरूक किया। इसके साथ ही गैर संचारी रोगों (एनसीडी) के लक्षणों और उनसे बचाव के लिए योग, व्यायाम तथा संतुलित आहार अपनाने की सलाह दी गई।

शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण के बाद जरूरतमंद विद्यार्थियों को निशुल्क औषधियां भी वितरित की गईं। इस अवसर पर जिला चिकित्सालय के चिकित्सक डॉ. बी.आर. नायक, कुमारी किरण तिर्की, फार्मासिस्ट पीतांबर सिंह सहित विद्यालय के शिक्षक एवं स्टाफ का विशेष सहयोग रहा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ