जिला कोरिया। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को जिला पंचायत के ऑडिटोरियम में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा भव्य महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों को सराहा गया।
इस अवसर पर जिला कलेक्टर श्रीमती चन्दन त्रिपाठी ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि जिले की महिलाएं आज सशक्त होकर समाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत हर माह मिलने वाली एक हजार रुपये की राशि से कई महिलाएं स्टेशनरी, किराना और सिलाई की दुकानें खोलकर स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ रही हैं, वहीं कई महिलाएं इस राशि का उपयोग अपने बच्चों और पोते-पोतियों की पढ़ाई में कर रही हैं।
कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने कहा कि बचत करने की आदत महिलाओं में बचपन से ही होती है। उन्होंने बताया कि जिले की महिलाएं “कोरिया मोदक लड्डू” बनाकर तथा पोषण संगवारी के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार उपलब्ध करा रही हैं, जिससे जन्म लेने वाले शिशुओं का स्वास्थ्य बेहतर हो सके।
उन्होंने कोरिया मिलेट्स का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं ने अपने परिश्रम और हुनर से स्वादिष्ट व स्वास्थ्यवर्धक व्यंजन और नाश्ते तैयार कर आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश की है। उन्होंने कहा कि वास्तविक महिला सशक्तीकरण तभी संभव है जब महिलाओं को समानता के साथ निर्णय लेने का अधिकार भी मिले। हर महिला और हर बेटी को पढ़ने-लिखने और काम करने का पूरा अधिकार है।
कलेक्टर ने महिलाओं को पर्यटन क्षेत्र में भी आगे आने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बाहर से आने वाले पर्यटकों के लिए टूरिस्ट गाइड के रूप में प्रशिक्षण लेकर रोजगार प्राप्त किया जा सकता है। इसके साथ ही होमस्टे के माध्यम से घर के एक कमरे को पर्यटकों के लिए उपलब्ध कराकर और स्थानीय भोजन की व्यवस्था कर अतिरिक्त आय अर्जित की जा सकती है।
कार्यक्रम के दौरान छोटी-छोटी बच्चियों ने सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। इन प्रतिभाशाली बच्चों की प्रस्तुति देखकर कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने कहा कि सचमुच प्रतिभा की कोई उम्र नहीं होती। यदि ऐसे हुनर को मंच मिले तो बच्चे परिवार और समाज का नाम रोशन करते हैं।
कार्यक्रम स्थल पर स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न स्टॉल लगाए गए थे। साथ ही महिलाओं और उपस्थित लोगों के लिए निःशुल्क शुगर, बीपी और हीमोग्लोबिन जांच की व्यवस्था भी की गई थी।
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती वंदना राजवाड़े, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती स्नेहलता उदय, श्रीमती सौभाग्यवती खुसरो, श्रीमती गीता राजवाड़े, श्रीमती शिवकुमारी, नगर पंचायत पटना की अध्यक्ष श्रीमती गायत्री सिंह, जनपद सदस्य श्रीमती धर्मवती राजवाड़े, जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, पोषण संगवारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ