होली–रमजान को लेकर चरचा थाना में शांति समिति की बैठक, पुलिस की सख्त चेतावनी—नियमों का उल्लंघन करने पर होगी कार्रवाई


चरचा कॉलरी। होली एवं रमजान पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना चरचा परिसर में शांति समिति की व्यापक बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर पालिका शिवपुर–चरचा क्षेत्र के दोनों समुदायों के प्रमुख सदस्य, जनप्रतिनिधि तथा थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायतों के नवनिर्वाचित सरपंच, उपसरपंच और पंच बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
बैठक में शांति, भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। इस दौरान उप पुलिस अधीक्षक राजेश साहू ने कहा कि होली और रमजान दोनों ही पर्व आपसी प्रेम, त्याग और सद्भाव का संदेश देते हैं। हमें मिलकर यह सुनिश्चित करना होगा कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो।
बैठक में तर्रा बसेर, जगतपुर, नगर, रटगा, उमझर, जूनापारा, बिशुनपुर, फूलपुर, खरवत, सरडी, चेरवापारा एवं आमगांव ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों ने भाग लेते हुए अपने-अपने क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनाए रखने का आश्वासन दिया।
बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष अरुण जायसवाल, पालिका उपाध्यक्ष राजेश सिंह, तहसीलदार अंकिता सौम, उप पुलिस निरीक्षक अनिल सोनवानी, पार्षद प्रदीप तिवारी, कुंडल साय, संजय देवांगन, धर्मपाल, सचिन मलिक, राजेन्द्र पाल, पत्रकार अंकित अग्रवाल, प्रभात दास, अनिल सिंह, रामाधार सहित अंजुमन इस्लामिया कमेटी के पदाधिकारी मो. शराफत अली, मो. कमालुद्दीन अंसारी, सैनूल एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
पुलिस प्रशासन ने मीडिया के माध्यम से आमजन को स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा है कि होली पर्व के दौरान मिलावटी रंग और गुलाल का प्रयोग न करें, जिससे स्वास्थ्य संबंधी नुकसान की आशंका रहती है। सार्वजनिक स्थानों पर मुखौटा (मूंहखोटा) पहनकर घूमने पर प्रतिबंध रहेगा। साथ ही दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाकर चलने, शराब का सेवन कर वाहन चलाने एवं हुड़दंग मचाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालान सहित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि होली और रमजान जैसे पवित्र पर्व शांति, प्रेम और भाईचारे के प्रतीक हैं। इन्हें सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

बैठक के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि त्योहारों के समय सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। अफवाह फैलाने या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं समाज के वरिष्ठ सदस्यों ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि चरचा क्षेत्र सदैव से आपसी भाईचारे और सद्भाव की मिसाल रहा है। यहां सभी समुदाय मिलजुलकर पर्व मनाते आए हैं और आगे भी इसी परंपरा को कायम रखा जाएगा।

नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि नगर क्षेत्र में स्वच्छता, पेयजल एवं प्रकाश व्यवस्था की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। वहीं पुलिस विभाग द्वारा संवेदनशील स्थानों पर विशेष गश्त एवं पेट्रोलिंग की व्यवस्था की जाएगी।

बैठक के अंत में सर्वसम्मति से यह संकल्प लिया गया कि होली एवं रमजान पर्व के दौरान सभी नागरिक प्रशासन का सहयोग करेंगे, कानून व्यवस्था बनाए रखेंगे तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देंगे। शांति समिति की यह बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई और सभी ने एक-दूसरे को आगामी पर्वों की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ