जिला कोरिया। जिले के अंतिम छोर तक सरकारी योजनाओं की वास्तविक स्थिति जानने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती चन्दन त्रिपाठी गुरुवार को सोनहत विकासखंड के दूरस्थ गांवों के दौरे पर पहुंचीं। भीषण दोपहरी में उन्होंने ग्राम मेन्ड्राकला, धनपुर और गोयनी के प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों तथा आंगनवाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। कलेक्टर के अचानक पहुंचने से स्कूल और आंगनवाड़ी में हड़कंप की स्थिति बन गई।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्कूलों में उपस्थिति पंजी की जांच की और बच्चों से पढ़ाई-लिखाई से जुड़े सवाल पूछे। प्राथमिक शाला गोयनी में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं रुचि, करिश्मा, प्रीति, यशमति, तारामती, प्रभाकर, प्रिंस, अमित और विजयराज ने कलेक्टर को कविताएं सुनाईं, जिसे सुनकर कलेक्टर ने बच्चों की हौसला-अफजाई की।
इस दौरान कलेक्टर ब्लैकबोर्ड के पास पहुंचकर खुद शिक्षिका की भूमिका में नजर आईं और बच्चों को जोड़ व गुणा करना सिखाया। वहीं आनंदपुर मिडिल स्कूल के एक छात्र ने पूरे आत्मविश्वास के साथ 29 का पहाड़ा सुनाकर सभी को प्रभावित किया। बच्चों ने देश के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम भी सही-सही बताए, जिससे कलेक्टर ने प्रसन्नता व्यक्त की।
निरीक्षण के दौरान शिक्षकीय कार्य में लापरवाही पाए जाने पर मेन्ड्राकला के प्रधान पाठक रमेश गुप्ता और शिक्षक विवेक साहू को कड़ी फटकार लगाई गई। कलेक्टर ने मौके पर ही ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को निर्देश देते हुए दोनों शिक्षकों का वेतन रोकने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि स्कूलों में नियमित निरीक्षण कर पढ़ाई के स्तर की सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर ने आंगनवाड़ी केंद्रों का भी निरीक्षण कर बच्चों के पोषण और भोजन व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि बच्चों को भरपेट भोजन के साथ हरी सब्जियां, दाल और रोटी नियमित रूप से उपलब्ध कराई जाए। इस दौरान ‘कोरिया मोदक’ लड्डू वितरण की जानकारी भी ली गई। कार्यकर्ता ने बताया कि गर्भवती महिलाओं को यह पौष्टिक लड्डू नियमित रूप से वितरित किए जा रहे हैं। दौरे के दौरान कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ ने स्कूल में बने मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता जांचने के लिए स्वयं भोजन चखकर देखा। भोजन स्वादिष्ट और संतुलित पाए जाने पर कलेक्टर ने रसोइया की सराहना करते हुए बेहतर कार्य के लिए प्रोत्साहित किया।
0 टिप्पणियाँ