कोरिया में कोयला माफियाओं पर बड़ी चोट 2 टन अवैध कोयला जब्त, पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई से मचा हड़कंप


जिला कोरिया। जिले के चरचा कॉलरी क्षेत्र में अवैध कोयला तस्करी के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए माफियाओं की कमर तोड़ने का काम किया है। सोमवार देर रात करीब 11 बजे चरचा थाना प्रभारी आनंद सोनी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मैगजीन ग्राउंड स्थित बांस नर्सरी में दबिश देकर कोयले से लदा एक टाटा वाहन (CG 16 CS 3021) जब्त किया।

पुलिस को मिली पुख्ता सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में वाहन से करीब 2 टन कोयला बरामद हुआ, जिसे बोरियों में भरकर अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा था। पुलिस ने मौके पर ही वाहन को कब्जे में लेकर थाना परिसर में खड़ा कराया और आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
आनंद सोनी की सख्ती से माफियाओं में खौफ

थाना प्रभारी आनंद सोनी के पदभार संभालने के बाद से ही क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार पर लगातार शिकंजा कसता जा रहा है। उनकी सक्रियता और कड़े रवैये के चलते अब तक कई कोयला तस्कर पकड़े जा चुके हैं, जिससे माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।

बेल्ट लाइन बनी तस्करों का अड्डा, पुलिस की पैनी नजर
सूत्रों के अनुसार, चरचा कॉलरी की बेल्ट लाइन और आसपास के क्षेत्र लंबे समय से कोयला माफियाओं के निशाने पर रहे हैं, जहां से अवैध उत्खनन कर कोयला बाहर भेजा जाता है। हालांकि, पुलिस की लगातार कार्रवाई से इन गतिविधियों पर प्रभावी रोक लग रही है।

50 लाख के वाहन जब्त, लगातार जारी अभियान

पिछले कुछ महीनों में ही चरचा थाना पुलिस ने करीब चार वाहनों को जब्त किया है, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।

जनता ने की सराहना

स्थानीय नागरिकों ने थाना प्रभारी आनंद सोनी की कार्यशैली की खुलकर तारीफ की है। लोगों का कहना है कि उनकी सख्ती और सतत कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर लगाम लगी है और आम जनता को राहत मिली है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ