जिले के 20 हजार से अधिक किसानों को 88 करोड़ से अधिक की आदान सहायता, बैकुण्ठपुर व सोनहत में कार्यक्रम, होली से पहले किसानों के खाते में पहुँची राशि


जिला कोरिया। जिले के 20 हजार 442 अन्नदाताओं के लिए होली पर्व से पूर्व बड़ी सौगात मिली है। कृषक उन्नति योजना के तहत कुल 88 करोड़ 31 लाख 44 हजार 199.60 रुपये की आदान सहायता डीबीटी (प्रत्यक्ष लाभ अंतरण) के माध्यम से सीधे किसानों के बैंक खातों में अंतरित की गई। प्रति क्विंटल 731 रुपये की दर से दी गई इस सहायता राशि ने किसानों के चेहरे पर खुशी ला दी।
जिले में आयोजित कार्यक्रमों के अंतर्गत कृषि विज्ञान केंद्र बैकुण्ठपुर तथा कृषि कार्यालय सोनहत में बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान राज्य स्तरीय मुख्य आयोजन का सीधा प्रसारण भी किया गया।
21 उपार्जन केंद्रों में समर्थन मूल्य पर सफल धान खरीदी
खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में जिले के 21 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी सफलतापूर्वक संपन्न हुई। कुल 23 हजार 438 किसान पंजीकृत हुए थे, जिनमें से 20 हजार 442 किसानों से 12 लाख 8 हजार 131.60 क्विंटल धान की खरीदी की गई। इसके एवज में किसानों को पूर्व में ही 286 करोड़ 20 लाख 63 हजार 760.40 रुपये की समर्थन मूल्य राशि डीबीटी के माध्यम से अंतरित की जा चुकी है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने वादे के अनुरूप प्रति एकड़ 21 क्विंटल और 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी सुनिश्चित की है। पूर्व घोषणा के अनुसार होली पर्व से पहले कृषक उन्नति योजना के तहत एकमुश्त आदान सहायता भी प्रदान की गई।
किसानों ने जताया आभार

सलबा निवासी किसान आनंद कुमार को 67 हजार 252 रुपये की आदान सहायता प्राप्त हुई, जिससे उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की। ग्राम रटंगा के किसान जगत सिंह ने 126 क्विंटल, बरपारा के विजय सिंह ने 250 क्विंटल, झरनापारा समिति के उपेंद्र सिंह ने 6 क्विंटल, टेंगनी के नीलकंठ सिंह ने 238 क्विंटल तथा मझगवा के कृष्ण कुमार राजवाड़े ने 100 क्विंटल धान का विक्रय किया था। किसानों ने सहायता राशि मिलने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए राज्य सरकार को किसान हितैषी बताया।
बिल्हा में हुआ राज्य स्तरीय मुख्य आयोजन

राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम बिल्हा विकासखंड (जिला बिलासपुर जिला) में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में आयोजित किया गया, जिसका सीधा प्रसारण विकासखंड मुख्यालयों में किया गया।
बैकुण्ठपुर एवं सोनहत में आयोजित कार्यक्रमों में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री मोहित पैकरा, एडीएम श्री सुरेंद्र वैद्य, अपर कलेक्टर श्री डीडी मंडावी, कृषि स्थायी समिति की सभापति श्रीमती स्नेहलता उदय, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती गीता राजवाड़े, श्री राजेश साहू, श्रीमती सौभाग्यवती खुसरो, नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गायत्री सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, किसान एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि सरकार की किसान हितैषी नीतियों से प्रदेश के अन्नदाता आर्थिक रूप से सशक्त हो रहे हैं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिल रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ