एस.आई.आर. प्रक्रिया को लेकर शिवपुर-चरचा में अभूतपूर्व उत्साह, दूरस्थ वनांचल से भी नागरिक पहुंचे, लोकतंत्र के प्रति जागरूकता का सशक्त संदेश


चरचा कालरी। केंद्र सरकार एवं भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार छत्तीसगढ़ राज्य में प्रारंभ की गई विशेष गहन पुनरीक्षण (एस.आई.आर.) प्रक्रिया को लेकर कोरिया जिले के नगर पालिका शिवपुर-चरचा क्षेत्र सहित आसपास के शहरी एवं ग्रामीण अंचलों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन तथा दावा-आपत्ति की इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया को स्थानीय नागरिक लोकतंत्र को मजबूत करने का सशक्त माध्यम मानते हुए बढ़-चढ़कर भागीदारी निभा रहे हैं।

एस.आई.आर. प्रक्रिया के प्रथम चरण के पश्चात वर्ष 2003 की मूल मतदाता सूची में जिन नागरिकों के नाम दर्ज नहीं थे, उनके नाम जोड़ने हेतु निर्वाचन आयोग द्वारा मान्य दस्तावेजों के आधार पर नाम पंजीयन एवं दावा-आपत्ति की कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में नगर पालिका शिवपुर-चरचा कार्यालय में 5 जनवरी से 14 जनवरी तक विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
दूसरे शिविर में 117 नोटिस, 64 फार्म जमा

मंगलवार 6 जनवरी को आयोजित दूसरे विशेष शिविर में ग्राम पंचायत बिशुनपुर, जुनापारा तथा सरडी क्षेत्र क्रमांक 1 से 3 तक के कुल 117 नागरिकों को नाम जोड़ने एवं दस्तावेज सत्यापन हेतु नोटिस जारी किए गए थे। इनमें से 64 नागरिक स्वयं उपस्थित होकर अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचे, जबकि 53 नागरिक अनुपस्थित रहे।
विवरण अनुसार ग्राम पंचायत बिशुनपुर में 32 नोटिस जारी किए गए थे, जिसमें 21 नागरिक उपस्थित हुए और 11 अनुपस्थित रहे। जुनापारा में 13 नोटिस के विरुद्ध 11 नागरिक पहुंचे, जबकि 2 अनुपस्थित रहे। वहीं ग्राम पंचायत सरडी-1 में 11 नोटिस जारी किए गए, जिनमें से 10 नागरिक उपस्थित हुए। सरडी-2 में 61 नोटिस भेजे गए थे, जिसमें 22 नागरिकों ने फार्म जमा किया। इस प्रकार सरडी-1 व 2 को मिलाकर कुल 40 नागरिक शिविर में उपस्थित नहीं हो सके।
बीएलओ की सक्रिय भूमिका, दस्तावेजों की गहन जांच

शिविर के दौरान संबंधित सभी मतदान केंद्रों के बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने नागरिकों को प्रपत्र भरने, आवश्यक दस्तावेज तैयार करने, त्रुटि सुधार तथा अन्य आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। नागरिकों द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों की सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी श्री वशिष्ठ कुमार ओझा के समक्ष गहन जांच की जा रही है, जिसके पश्चात ऑनलाइन प्रविष्टि की कार्यवाही संपन्न की जा रही है।

कुल 1002 नागरिकों के दस्तावेजों का होगा सत्यापन

नगर पालिका शिवपुर-चरचा के मुख्य नगर पालिका अधिकारी, जो सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी भी हैं, के मार्गदर्शन में कुल 1002 नागरिकों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जाना है। इनमें से 441 नागरिक नगर पालिका शिवपुर-चरचा के 15 वार्डों से संबंधित हैं, जबकि शेष नागरिक खरवत, शिवपुर, फूलपुर, रटगा, चेरवापारा सहित आसपास के ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों से हैं।

वनांचल से भी पहुंच रहे बुजुर्ग, महिलाएं और युवा

नाम जुड़वाने के लिए दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों से बुजुर्ग, महिलाएं और युवा लगातार नगर पालिका कार्यालय पहुंच रहे हैं। यह लोकतंत्र के प्रति बढ़ती जागरूकता और जिम्मेदारी का स्पष्ट प्रमाण है। नगर पालिका कार्यालय में सहा ग्रेड-2 शशि भूषण श्रीवास्तव, रमेश कुमार, राजकिशोर, उदय प्रसाद, धरमु, देवेंद्र नायडू, बाजौ दास, ज्वाला प्रसाद, नंदलाल सहित अन्य कर्मचारियों द्वारा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से आए नागरिकों को पूरा सहयोग प्रदान करते हुए प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराया जा रहा है।
पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ हो रही प्रक्रिया – ओझा

सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी श्री वशिष्ठ कुमार ओझा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार एस.आई.आर. प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संचालित की जा रही है। नागरिकों की सक्रिय भागीदारी यह दर्शाती है कि लोकतंत्र के प्रति लोगों की आस्था लगातार मजबूत हो रही है। नगर पालिका शिवपुर-चरचा की टीम समयबद्ध रूप से कार्य पूर्ण करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

कुल मिलाकर, एस.आई.आर. प्रक्रिया में नगर पालिका शिवपुर-चरचा की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही है। प्रशासन, बीएलओ, कर्मचारियों और आम नागरिकों के समन्वित प्रयासों से यह स्पष्ट हो रहा है कि लोकतंत्र की नींव अब गांव-गांव तक और अधिक सशक्त हो रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ