जिला कोरिया।छत्तीसगढ़ की महिला पत्रकारों के लिए एक ऐतिहासिक पहल के अंतर्गत प्रदेश की 26 महिला पत्रकार एवं जनसंपर्क विभाग के 6 अधिकारी इन दिनों गुजरात अध्ययन यात्रा पर हैं। यह यात्रा 15 जनवरी से प्रारंभ होकर 22 जनवरी को रायपुर वापसी के साथ संपन्न होगी।
इस अध्ययन यात्रा के दौरान पत्रकारों को गुजरात विधानसभा, पोरबंदर स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का जन्म स्थल, त्रिवेणी संगम, तथा दुनिया के दूसरे सबसे बड़े सिंह सफारी पार्क का भ्रमण कराया गया। सफारी में महिला पत्रकारों ने शेर, चीता, हिरण, नीलगाय, मोर सहित अनेक दुर्लभ वन्य जीवों को नजदीक से देखने का अनुभव प्राप्त किया।
यात्रा के दौरान विभिन्न ऐतिहासिक स्थलों एवं प्रमुख मंदिरों के दर्शन भी कराए गए, जिससे पत्रकारों को गुजरात की सांस्कृतिक, धार्मिक और प्रशासनिक व्यवस्था को समझने का अवसर मिला।
इसी दौरान स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बस में यात्रा कर रहीं सभी महिला पत्रकारों से वीडियो कॉल के माध्यम से संवाद किया। उन्होंने पत्रकारों से यात्रा अनुभव साझा करते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं तथा महिला पत्रकारों के योगदान की सराहना की।
इस संबंध में जिला कोरिया–बैकुंठपुर की वरिष्ठ पत्रकार एवं चैनल इंडिया की ब्यूरो चीफ कमरून निशा ने बताया कि यह यात्रा महिला पत्रकारों के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य में पहली बार महिला पत्रकारों को इस स्तर पर प्राथमिकता दी गई है। यह हम सभी के लिए गर्व का विषय है।
कमरून निशा ने इस आयोजन के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, जनसंपर्क विभाग रायपुर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान आज पुनः ऐतिहासिक स्थलों एवं मंदिरों का भ्रमण कार्यक्रम निर्धारित है।
उन्होंने अपने क्षेत्र की जनता का भी धन्यवाद करते हुए कहा कि फोन कॉल, फेसबुक और व्हाट्सएप के माध्यम से मिल रही शुभकामनाओं से मेरा उत्साह और बढ़ा है। मैं सदैव अपने क्षेत्र की अच्छाइयों को उजागर करने, भ्रष्टाचार के विरुद्ध आवाज उठाने और शासन की योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने का कार्य अपनी कलम के माध्यम से करती रहूंगी।
यह अध्ययन यात्रा न केवल महिला पत्रकारों के ज्ञानवर्धन का माध्यम बनी है, बल्कि छत्तीसगढ़ में महिला सशक्तिकरण और पत्रकारिता के क्षेत्र में एक नई मिसाल भी स्थापित कर रही है।
0 टिप्पणियाँ