गणतंत्र दिवस पर मेधावी विद्यार्थियों को मिला सम्मान, विधायक ने बढ़ाया हौसला


कोरिया। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर बैकुंठपुर विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के सम्मान हेतु विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विधायक श्री भइया लाल राजवाड़े ने मेधावी छात्रों को लैपटॉप प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।

शैक्षणिक सत्र 2024–25 में छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा आयोजित कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा में जिले के छात्र सिद्धांत सिंह एवं आत्मज श्री प्रकाश सिंह ने राज्य प्रावीण्य सूची में छठा स्थान अर्जित कर कोरिया जिले का नाम रोशन किया। उनकी इस उल्लेखनीय सफलता पर दोनों विद्यार्थियों को विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
इसी क्रम में अभिनंदन बड़ेरिया, आत्मज श्री आलोक बड़ेरिया ने केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा मण्डल (सीबीएसई) की कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा में 98 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में प्रथम स्थान हासिल किया। इस शानदार उपलब्धि के लिए उन्हें भी विधायक द्वारा लैपटॉप भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री राजवाड़े ने कहा कि मेधावी विद्यार्थी समाज की सबसे बड़ी पूंजी होते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है और सरकार प्रतिभावान छात्रों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है।

सम्मान समारोह में जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ शिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे और सभी ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ