जिला कोरिया। जिले में लंबे समय से चल रहे अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन पर अब जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। नवपदस्थ जिला खनिज अधिकारी श्री इंद्र लाल के पदभार ग्रहण करने के साथ ही खनिज माफियाओं में हड़कंप मच गया है। उनके निर्देश पर खनिज विभाग द्वारा जिले भर में सघन निरीक्षण एवं धड़पकड़ अभियान प्रारंभ किया गया है।
इसी क्रम में बुधवार को खनिज विभाग की टीम ने तहसील पटना एवं बैकुंठपुर क्षेत्र में संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से गौण खनिज रेत एवं ईंट का परिवहन कर रहे कुल आठ वाहनों को जप्त किया। कार्रवाई के दौरान संबंधित वाहन चालक वैध परिवहन अनुज्ञा पत्र एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने में असफल रहे, जिस पर तत्काल नियमानुसार कार्रवाई की गई।
थानों में सुरक्षित रखे गए जप्त वाहन
कार्रवाई उपरांत सभी जप्त वाहनों को थाना पटना एवं थाना चरचा में विधिवत अभिरक्षा में रखा गया है। खनिज विभाग द्वारा वाहनों की जब्ती पंचनामा तैयार कर आगे की कानूनी प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
जप्त वाहनों का विवरण
एसीई/सोल्ड ट्रैक्टर वाहन मालिक सतीश यादव, सोनालिका ट्रैक्टर बिना नंबर वाहन मालिक जयप्रकाश साहू, आयशर ट्रैक्टर इमरान अहमद, महिंद्रा ट्रैक्टर अवधेश, सोनालिका ट्रैक्टर जगतपाल, सोल्ड सोनालिका ट्रैक्टर सत्यनारायण, आयशर ट्रैक्टर संतोष साहू, सोनालिका ट्रैक्टर देवीदयाल
उक्त सभी वाहन मालिकों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 की धारा 71 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 से 23(ख) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर कठोर विधिक कार्रवाई की जा रही है। दोष सिद्ध होने पर जुर्माने के साथ वाहन राजसात किए जाने का भी प्रावधान है।
लगातार चलेगा अभियान जिला खनिज अधिकारी
इस संबंध में जिला खनिज अधिकारी श्री इंद्र लाल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे तत्वों के विरुद्ध नियमित गश्त, औचक निरीक्षण एवं सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानून के तहत कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी, ताकि जिले में अवैध खनिज कारोबार पर पूरी तरह से रोक लगाई जा सके।
0 टिप्पणियाँ