एरोबिक्स के साथ मनाया गया सड़क सुरक्षा सप्ताह, यातायात नियमों के प्रति किया गया जागरूक


जिला कोरिया। भारत सरकार के निर्देशानुसार 1 जनवरी से राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह मनाया जा रहा है। इसी क्रम में सड़क सुरक्षा सप्ताह के चौथे दिन 4 जनवरी को कुमार चौक, बैकुंठपुर में यातायात पुलिस द्वारा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला कलेक्टर श्रीमती संजय चंदन त्रिपाठी एवं पुलिस अधीक्षक कोरिया श्री रवि कुमार कुर्रे की गरिमामयी उपस्थिति रही। आयोजन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती सुरेश चौबे के निर्देशन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान बैनर-पोस्टर के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई। साथ ही एरोबिक्स के माध्यम से व्यायाम कराया गया, जिसमें उत्साहपूर्वक भाग लेने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया गया।
पुलिस अधीक्षक श्री रवि कुमार कुर्रे ने अपने उद्बोधन में बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और आमजन को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग एवं पुलिस विभाग संयुक्त रूप से ओवरस्पीड सहित अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई करेंगे। नियमों का उद्देश्य दंड देना नहीं, बल्कि लोगों का जीवन बचाना है। अभियान के अंतर्गत जांच के साथ-साथ निरंतर जागरूकता गतिविधियां भी चलाई जाएंगी।

कलेक्टर श्रीमती संजय चंदन त्रिपाठी ने जिलेवासियों से यातायात नियमों का पालन करने, महिला सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार रवैया अपनाने तथा वाहन चलाते समय हेलमेट व सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की। उन्होंने स्कूल एवं कॉलेज के विद्यार्थियों को भी यातायात नियमों के पालन की समझाइश दी।
कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधीक्षक द्वारा उपस्थित लोगों को सीमित गति में वाहन चलाने, शराब पीकर वाहन न चलाने, मोबाइल फोन का उपयोग न करने तथा हेलमेट व सीट बेल्ट पहनने की शपथ दिलाई गई। उप पुलिस अधीक्षक श्री राजेश साहू द्वारा आत्मसुरक्षा से संबंधित उपयोगी गुर सिखाए गए। उप पुलिस अधीक्षक श्री श्याम मधुकर ने आभार व्यक्त कर कार्यक्रम का समापन किया।

इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती संजय चंदन त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक श्री रवि कुमार कुर्रे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती सुरेश चौबे, उप पुलिस अधीक्षक श्री राजेश साहू, श्री श्याम मधुकर, श्री जितेंद्र गुप्ता (सहायक संचालक, शिक्षा विभाग, सरगुजा संभाग), सीईओ जनपद पंचायत बैकुंठपुर, यातायात प्रभारी श्री बीरबल राजवाड़े सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, आम नागरिक, महिलाएं, बच्चे एवं एनसीसी के छात्र बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ