चरचा कॉलरी। नगर पालिका शिवपुर चरचा की घोर लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 04 सुभाष नगर झोपड़ी दफाई क्षेत्र में कर्मचारियों द्वारा सीपेज सुधार के नाम पर एक सप्ताह से अधिक समय पहले बड़ा और गहरा गड्ढा खोदकर छोड़ दिया गया है, जो अब वार्डवासियों के लिए जानलेवा खतरे में तब्दील हो चुका है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि गड्ढे में पाइपलाइन की ढक्कन खोलकर छोड़ दी गई है, जिससे उसमें लगातार पानी भर रहा है। पानी भराव के कारण गड्ढे की गहराई का अंदाजा नहीं लग पा रहा है। रात के समय अंधेरे में छोटे बच्चों, बुजुर्गों एवं राहगीरों के गिरने की आशंका बनी हुई है। क्षेत्रवासियों में भय का माहौल है और किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका जताई जा रही है।
वार्डवासियों का कहना है कि कई बार नगर पालिका कर्मचारियों को इस गंभीर समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक न तो गड्ढे को भरा गया और न ही किसी प्रकार की सुरक्षा व्यवस्था की गई है। न चेतावनी बोर्ड लगाया गया है और न ही बैरिकेडिंग की गई, जिससे प्रशासनिक उदासीनता साफ झलक रही है।
स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि तत्काल गड्ढे को भरकर पाइपलाइन की मरम्मत कराई जाए, साथ ही भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही करने वाले जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाए। यदि समय रहते सुधार नहीं किया गया तो किसी बड़ी दुर्घटना की स्थिति में इसकी पूरी जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन की होगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उक्त गड्ढा आबादी वाले क्षेत्र में स्थित है, जहां दिनभर बच्चों का आना-जाना बना रहता है। शाम ढलते ही अंधेरा होने के कारण पानी से भरे गड्ढे का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में किसी मासूम के गिरकर गंभीर रूप से घायल होने या जानमाल की क्षति होने की पूरी आशंका बनी हुई है।
वार्डवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि नगर पालिका द्वारा काम अधूरा छोड़ देना आम बात हो गई है। पहले भी इस तरह की कई शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी केवल आश्वासन देकर मामले को टाल देते हैं। सीपेज सुधार के नाम पर खोदे गए इस गड्ढे को न तो ढका गया और न ही आसपास कोई सुरक्षा घेरा लगाया गया, जो प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है।
क्षेत्रीय नागरिकों ने नगर पालिका अध्यक्ष, मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं वार्ड पार्षद से मांग की है कि तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया जाए और गड्ढे को सुरक्षित तरीके से बंद किया जाए। साथ ही चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग एवं लाइट की व्यवस्था भी की जाए ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
वार्डवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो वे नगर पालिका कार्यालय का घेराव कर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। लोगों का कहना है कि प्रशासन की लापरवाही किसी दिन बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है, जिसकी जिम्मेदारी पूरी तरह नगर पालिका प्रशासन की होगी।
0 टिप्पणियाँ