जिला कोरिया। जिले में लगातार बढ़ती ठंड और शीतलहर के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए बड़ा निर्णय लिया है। जिला शिक्षा अधिकारी, कोरिया द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले के समस्त शासकीय, अशासकीय, अनुदान प्राप्त, मान्यता प्राप्त एवं सभी बोर्ड से संबद्ध विद्यालयों में कक्षा नर्सरी से लेकर पांचवीं तक के विद्यार्थियों के लिए दिनांक 10 जनवरी 2026 तक अवकाश घोषित किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से जारी आदेश में उल्लेख किया गया है कि अत्यधिक ठंड एवं शीतलहर के कारण छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका को दृष्टिगत रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। आदेश कलेक्टर महोदया की अनुमति से जारी किया गया है। हालांकि अवकाश की अवधि के दौरान विद्यालयों के शिक्षक एवं अन्य कर्मचारी निर्धारित समयानुसार विद्यालय में उपस्थित रहेंगे और शासकीय कार्यों का निष्पादन करेंगे। यह आदेश जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों पर समान रूप से लागू होगा।जिला प्रशासन के इस निर्णय से अभिभावकों और विद्यार्थियों ने राहत की सांस ली है। ठंड के मौसम में छोटे बच्चों को स्कूल जाने में होने वाली परेशानियों को देखते हुए इस फैसले को जनहित में सराहा जा रहा है। वहीं, शिक्षा विभाग द्वारा सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, प्राचार्यों एवं प्रधानपाठकों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। जिला जनसंपर्क अधिकारी को भी आदेश की जानकारी जनसामान्य तक पहुंचाने एवं दैनिक समाचार पत्रों में प्रकाशन के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति न रहे। स्पष्ट है कि जिला प्रशासन द्वारा लिया गया यह निर्णय बच्चों के स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक सराहनीय कदम है।
0 टिप्पणियाँ