राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत कोरिया के आदिवासी विद्यार्थियों का शैक्षणिक भ्रमण


जिला कोरिया। राज्य परियोजना कार्यालय समग्र शिक्षा रायपुर द्वारा संचालित राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत कोरिया जिले के होनहार आदिवासी विद्यार्थियों के लिए एक विशेष शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कलेक्टर श्रीमती चन्दन त्रिपाठी के मार्गदर्शन में विज्ञान विषय में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्राथमिक स्तर के 10 आदिवासी छात्र–छात्राओं को देश की राजधानी दिल्ली स्थित प्रमुख विज्ञान, शैक्षणिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण कराया गया
नेशनल साइंस सेंटर से हुई यात्रा की शुरुआत

शैक्षणिक भ्रमण की शुरुआत नेशनल साइंस सेंटर, दिल्ली से हुई, जहां विद्यार्थियों ने विज्ञान से जुड़े अनेक प्रयोग, मॉडल, 3-डी वैज्ञानिक शो एवं प्रायोगिक गतिविधियों के माध्यम से भौतिकी के सिद्धांत, ऊर्जा के स्रोत, रेडियोधर्मिता, कोयले के निर्माण की प्रक्रिया को प्रत्यक्ष रूप से समझा।
इस दौरान बच्चों ने प्रयोग आधारित शिक्षा, वैज्ञानिक सोच, नवाचार एवं आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा को करीब से जाना।

ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का अवलोकन

भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को प्रधानमंत्री संग्रहालय, लाल किला, इंडिया गेट, विजय स्तंभ, महात्मा गांधी समाधि स्थल राजघाट, लोटस टेंपल, गणतंत्र दिवस परेड की झांकियां, दिल्ली मेट्रो रेल का भी भ्रमण कराया गया, जिससे विद्यार्थियों के शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक ज्ञान में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।

शिक्षा अधिकारियों ने बताया अभियान का उद्देश्य

इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री विनोद कुमार राय ने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों की जिज्ञासा बढ़ाते हैं तथा उन्हें पुस्तकीय ज्ञान से आगे बढ़कर व्यवहारिक रूप से सीखने का अवसर प्रदान करते हैं।

वहीं सहायक संचालक शिक्षा विभाग श्री जितेंद्र गुप्ता ने बताया कि राष्ट्रीय आविष्कार अभियान का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रयोग आधारित शिक्षा से जोड़कर उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं नवाचार की भावना विकसित करना है।

अधिकारियों ने किया विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन
भ्रमण कार्यक्रम के दौरान जिला मिशन समन्वयक श्री संजय सिंह, जिला नोडल अधिकारी श्री धर्मेंद्र कुमार सिंह, एपीसी श्री प्रवीण पटेल, व्याख्याता श्रीमती रितु वर्मा द्वारा विद्यार्थियों का मार्गदर्शन एवं उत्साहवर्धन किया गया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ