श्रीरामचरितमानस गायन प्रतियोगिता 2026 में सरस्वती पुत्र बालिका मंडली ने किया ग्राम का नाम रोशन


जिला कोरिया। ग्राम पंचायत खरवत के जमनीपारा स्थित सरस्वती पुत्र बालिका मंडली ने 21वां झांडा प्रतियोगिता अंतर्गत आयोजित श्रीरामचरितमानस गायन वादन प्रतियोगिता 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

प्रतियोगिता का आयोजन दुर्गाधारा स्थित दुर्गा मंदिर प्रांगण में किया गया, जिसमें जिलेभर से आई मानस मंडलियों ने भाग लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच सरस्वती पुत्र बालिका मंडली की बालिकाओं ने मधुर गायन, सटीक ताल-लय एवं भावपूर्ण प्रस्तुति से निर्णायक मंडल का मन मोह लिया और शीर्ष स्थान हासिल किया।

बालिकाओं की इस शानदार उपलब्धि पर ग्राम पंचायत, अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल है। ग्रामीणों ने बालिकाओं को बधाई देते हुए इसे पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बताया।

आयोजक समिति द्वारा विजेता मंडली को सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। यह सफलता बालिकाओं की मेहनत, अनुशासन एवं गुरुजनों के मार्गदर्शन का परिणाम मानी जा रही है।

सरस्वती पुत्र बालिका मंडली की इस ऐतिहासिक सफलता पर ग्राम पंचायत खरवत के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं मानस प्रेमियों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। ग्रामीणों का कहना है कि यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और धार्मिक-सांस्कृतिक परंपराओं को नई दिशा देगी।

मंडली की बालिकाओं ने बताया कि उन्होंने कई महीनों तक नियमित अभ्यास कर प्रतियोगिता की तैयारी की थी। गुरुजनों के मार्गदर्शन में मानस के चौपाइयों का भावार्थ समझते हुए प्रस्तुति दी गई, जिसका सकारात्मक परिणाम आज पूरे क्षेत्र के सामने है।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर आयोजन समिति शिव शक्ति मानस मंडली दुर्गाधारा द्वारा प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली सरस्वती पुत्र बालिका मंडली को सम्मान पत्र, स्मृति चिन्ह एवं पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों ने बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि भविष्य में भी वे इसी प्रकार जिले और प्रदेश स्तर पर ग्राम पंचायत खरवत का नाम रोशन करेंगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ