जिला कोरिया। जिले में अवैध खनिज उत्खनन व परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। तहसील बैकुंठपुर क्षेत्र में गश्त के दौरान खनिज विभाग की टीम ने अवैध रूप से खनिज परिवहन करते हुए कुल चार वाहनों को जप्त कर खनिज माफियाओं में हड़कंप मचा दिया है।
कार्रवाई के दौरान दो हाइवा और एक मिनी ट्रक को अवैध रूप से गौण खनिज गिट्टी एवं ईंट का परिवहन करते हुए पकड़ा गया। वहीं रात्रि गश्त के दौरान एक पिकअप वाहन को अवैध रूप से खनिज कोयले का परिवहन करते हुए जप्त किया गया। सभी जप्त वाहनों को समीपस्थ थाना चरचा में अभिरक्षा में रखा गया है।
जप्त किए गए वाहनों में सीजी 16 सीएच 9878 (मेसर्स अर्णव बिल्डकॉन), सीजी 12 एस 1599 (श्री कुलदीप सिंह), सीजी 16 सी 2115 (श्री नरेश साहू) तथा यूपी 64 सीटी 0967 शामिल हैं। पिकअप वाहन का चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
खनिज विभाग द्वारा संबंधित वाहन मालिकों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 की धारा 71 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 से 23(ख) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
जिला खनिज अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनिज कारोबारियों में अफरा-तफरी का माहौल है।
0 टिप्पणियाँ