जिला कोरिया / पोंडी। पीएम श्री बॉयज़ स्कूल पोंडी में दिनांक 19 जनवरी 2026 को तृतीय पालक–शिक्षक मेगा बैठक एवं 3rd PTM का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति की समीक्षा, विद्यालय विकास कार्यों पर चर्चा तथा पालकों के साथ आपसी समन्वय को और अधिक सुदृढ़ करना रहा।
यह कार्यक्रम विद्यालय प्रबंधन के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जिसमें विद्यालय प्रबंधन समिति के पदाधिकारी, शिक्षकगण, अभिभावक तथा जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम, नियमित उपस्थिति, अनुशासन, सह-शैक्षणिक गतिविधियों एवं सर्वांगीण विकास पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। शिक्षकों द्वारा पालकों को विद्यार्थियों की शैक्षणिक स्थिति से अवगत कराते हुए घर पर अध्ययन हेतु आवश्यक मार्गदर्शन एवं सुझाव प्रदान किए गए।
पालकों ने विद्यालय की मूलभूत सुविधाएं, स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था, खेल सामग्री एवं शैक्षणिक संसाधनों से संबंधित अपने विचार एवं सुझाव प्रस्तुत किए। विद्यालय प्रशासन ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से लेते हुए उनके चरणबद्ध समाधान का आश्वासन दिया।
मध्यान्ह भोजन व्यवस्था को मिला सहयोग
इसी अवसर पर तृतीय पालक–शिक्षक मेगा बैठक के दौरान विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं स्वच्छ भोजन व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए वार्ड क्रमांक 04 के पार्षद श्री गुलाम साबिर द्वारा विद्यालय को गैस चूल्हा प्रदान किया गया। इससे विद्यालय में मध्यान्ह भोजन का सुचारू, सुरक्षित एवं धुआं-रहित संचालन सुनिश्चित हो सकेगा।
विद्यालय परिवार द्वारा इस सराहनीय सहयोग हेतु पार्षद श्री गुलाम साबिर के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
पालकों की रही सक्रिय सहभागिता
3rd PTM में पालकों की सक्रिय एवं उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। पालकों ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य हेतु विद्यालय के साथ निरंतर सहयोग करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि जब शिक्षक, पालक एवं जनप्रतिनिधि एकजुट होकर कार्य करते हैं, तब विद्यालय विकास को नई दिशा एवं मजबूती मिलती है।
बैठक का समापन सकारात्मक वातावरण, सहयोग भावना एवं शिक्षा के उन्नयन के संकल्प के साथ किया गया।
0 टिप्पणियाँ