चरचा कॉलरी। कोल इंडिया के तत्वावधान में वर्ष 2025–26 के अंतर्गत आयोजित 13वीं स्वर्गीय अमर साय स्मृति अखिल भारतीय वॉलीबाल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन 23 जनवरी से 25 जनवरी 2026 तक श्रमवीर स्टेडियम, चरचा कॉलरी (बैकुंठपुर क्षेत्र) में किया जाएगा।
इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इस वर्ष पहली बार महिला वर्ग की टीमों को शामिल किया गया है, जिससे यह आयोजन ऐतिहासिक बन गया है। अब तक केवल पुरुष वर्ग तक सीमित रही यह प्रतियोगिता महिला खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सशक्त मंच प्रदान करेगी।
देशभर की नामचीन टीमें लेंगी हिस्सा
प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आमंत्रित शीर्ष पुरुष एवं महिला वॉलीबाल टीमें भाग लेंगी। प्रतियोगिता का आयोजन सुपर लीग एवं मैच फिक्स्चर प्रणाली के आधार पर किया जाएगा।
पुरस्कार राशि पुरुष वर्ग विजेता टीम 31,000 रुपए, उपविजेता टीम 21,000 रुपए वही महिला वर्ग विजेता टीम 21,000 रुपए, उपविजेता टीम 15,000 रुपए दिए जाएंगे।
आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि महिला वर्ग को शामिल करने का उद्देश्य खेलों में लैंगिक समानता को बढ़ावा देना तथा क्षेत्र की युवा बालिकाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना है।
महिला वर्ग की प्रमुख टीमें यूवीए वॉलीबाल एकेडमी दिल्ली, देहरादून हॉस्टल उत्तराखंड, रवीन्द्र भारती विश्वविद्यालय कोलकाता, साईं रायपुर, संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय सरगुजा, नरसिंहपुर हॉस्टल मध्यप्रदेश - साथ ही पुरुष वर्ग की प्रमुख टीमें एसईसी रेलवे बिलासपुर, देहरादून हॉस्टल उत्तराखंड, सागर आर्मी, एसईसीएल बिलासपुर, बजरंग क्लब मेरठ, मध्यप्रदेश पुलिस कि टीम मोजूद रहेगी।
आयोजन की तैयारियां पूर्ण
आयोजन समिति के अनुसार प्रतियोगिता की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। खिलाड़ियों के लिए आवास, भोजन, सुरक्षा एवं चिकित्सा सुविधा की समुचित व्यवस्था की गई है।
आयोजन समिति के पदाधिकारी अध्यक्ष: संजय कुमार, उपाध्यक्ष: शब्बीर अली, अशोक लाल, सचिव: सुशील शर्मा, सह-सचिव: मेहबूब आलम, कोषाध्यक्ष: आजाद सिंह रहेंगे।
खेलप्रेमियों में भारी उत्साह
प्रतियोगिता को लेकर क्षेत्र में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। स्थानीय खेलप्रेमियों एवं खिलाड़ियों ने महिला वर्ग की सहभागिता को चरचा कॉलरी खेल इतिहास का ऐतिहासिक कदम बताया है।
तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता के दौरान श्रमवीर स्टेडियम में रोमांचक मुकाबलों के साथ खेल महोत्सव का वातावरण रहेगा।
आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों, युवाओं एवं खेलप्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।
यह प्रतियोगिता न केवल उभरती खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान करेगी, बल्कि चरचा कॉलरी को देश के खेल मानचित्र पर नई पहचान भी दिलाएगी।
0 टिप्पणियाँ