चरचा कॉलरी। कोयलांचल क्षेत्र के चरचा कॉलरी में शिक्षा के क्षेत्र में एक सराहनीय पहल देखने को मिली, जहाँ शासकीय बालक पूर्व माध्यमिक शाला एवं शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चरचा में साइंस लर्निंग लैब का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन में विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और नवाचार की झलक स्पष्ट रूप से देखने को मिली।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी श्री वी.के. राय रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों के रूप में श्री जय वाजपाई, श्री बृज गिरी, हाई स्कूल प्राचार्य श्री राम लखन यादव, माध्यमिक शाला प्रधान पाठक श्री सुंदर सिंह, पीएम श्री संकुल समन्वयक श्री राजेन्द्र मंडल तथा स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेज़ी माध्यम विद्यालय के प्राचार्य श्री ब्रिजेन्द्र मानिकपुरी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा विज्ञान आधारित मॉडलों और प्रयोगों की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें प्राथमिक कक्षा से लेकर उच्चतर माध्यमिक स्तर तक के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
छात्रों के प्रोजेक्ट बने आकर्षण का केंद्र
साइंस लर्निंग लैब में जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, सोलर एनर्जी, स्मार्ट सिटी मॉडल, स्वच्छ भारत अभियान, पर्यावरण संरक्षण, वायु प्रदूषण नियंत्रण, विद्युत उत्पादन, रोबोटिक्स, विज्ञान आधारित खेल एवं दैनिक जीवन में विज्ञान की उपयोगिता पर आधारित अनेक आकर्षक मॉडल प्रस्तुत किए गए। विद्यार्थियों ने स्वयं अपने प्रोजेक्ट की कार्यप्रणाली समझाते हुए वैज्ञानिक सिद्धांतों की विस्तृत जानकारी दी।
डीईओ ने की सराहना
निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी श्री वी.के. राय ने प्रत्येक स्टॉल पर पहुँचकर विद्यार्थियों से संवाद किया और उनकी सोच व प्रस्तुति की प्रशंसा की। उन्होंने कहा आज के बच्चे कल का भविष्य हैं। ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, तार्किक क्षमता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को विकसित करते हैं। प्रयोग आधारित शिक्षा ही नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति का मूल उद्देश्य है।
उन्होंने शिक्षकों को भी निर्देशित किया कि कक्षा शिक्षण के साथ-साथ प्रयोगात्मक गतिविधियों को नियमित रूप से शामिल किया जाए, जिससे बच्चों की रुचि विज्ञान विषय में बनी रहे।
शिक्षकों के प्रयासों की हुई प्रशंसा
मुख्य अतिथि ने विद्यालय परिवार की प्रशंसा करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों में भी जिस प्रकार विद्यार्थियों को नवाचार से जोड़ा जा रहा है, वह अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि चरचा कॉलरी क्षेत्र में शिक्षा की गुणवत्ता लगातार बेहतर हो रही है।
शिक्षा के क्षेत्र में प्रेरणादायी पहल
कार्यक्रम में , श्री सुरेश साहू, श्री मुकेश यादव, श्री गुलाब सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। बड़ी संख्या में अभिभावक एवं स्थानीय नागरिकों ने भी आयोजन का अवलोकन किया। पूरे आयोजन में विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। साइंस लर्निंग लैब न केवल ज्ञानवर्धन का माध्यम बनी, बल्कि बच्चों के भीतर छिपी वैज्ञानिक प्रतिभा को मंच प्रदान करने का सशक्त प्रयास सिद्ध हुई।
कार्यक्रम के सफल आयोजन से यह स्पष्ट हुआ कि यदि सही मार्गदर्शन और अवसर मिले, तो ग्रामीण व कोयलांचल क्षेत्र के विद्यार्थी भी किसी से कम नहीं हैं।
0 टिप्पणियाँ