चरचा कॉलरी। हिन्द विद्यालय इंग्लिश मीडियम हायर सेकेंडरी स्कूल चरचा में मिशन हंड्रेड के अंतर्गत दसवीं एवं बारहवीं कक्षा के छात्र-छात्राओं को बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट परिणाम दिलाने के उद्देश्य से विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को मानसिक रूप से मजबूत करना, लक्ष्य के प्रति केंद्रित करना और शत-प्रतिशत सफलता के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में जिले के जिला शिक्षा अधिकारी वी.के. राय, सलका डाइट प्राचार्य विनय मोहन भट्ट, ब्रिज राज गिरी, सहित जिले के पदाधिकारी एवं विद्यालय प्राचार्य एवं वरिष्ठ शिक्षक उपस्थित रहे।
जिला भ्रमण के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी वी.के. राय जब हिन्द विद्यालय इंग्लिश मीडियम हायर सेकेंडरी स्कूल पहुंचे तो उन्होंने सबसे पहले विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, कक्षाओं की स्थिति और विद्यार्थियों की पढ़ाई की प्रगति की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान के सुझाव दिए।
लक्ष्य स्पष्ट होगा तो परिणाम भी श्रेष्ठ होगा – वी.के. राय
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी वी.के. राय ने कहा कि स्पष्ट लक्ष्य, निरंतर परिश्रम और आत्मविश्वास ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। उन्होंने कहा कि मिशन हंड्रेड के तहत जिले का उद्देश्य है कि अधिक से अधिक विद्यार्थी उत्कृष्ट अंकों के साथ परीक्षा उत्तीर्ण करें और अपने विद्यालय, परिवार तथा जिले का नाम रोशन करें।
उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे प्रतिदिन नियमित अध्ययन की समय-सारिणी बनाएं, कठिन विषयों पर विशेष ध्यान दें, शिक्षकों से संकोच छोड़कर प्रश्न पूछें, मोबाइल और सोशल मीडिया से दूरी बनाकर पढ़ाई पर फोकस करें
तनावमुक्त होकर परीक्षा दें।
श्री राय ने कहा कि परीक्षा को लेकर घबराने की आवश्यकता नहीं है। आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच से ही बेहतर परिणाम प्राप्त होते हैं। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों से भी अपील की कि वे विद्यार्थियों पर अनावश्यक दबाव न बनाएं, बल्कि उन्हें सहयोग और मार्गदर्शन प्रदान करें।
डाइट प्राचार्य ने बताई उत्तर लेखन की रणनीति
डाइट प्राचार्य विनय मोहन भट्ट ने उत्तर लेखन की सही विधि, समय प्रबंधन और प्रश्न पत्र को समझकर हल करने की रणनीति पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि अच्छे अंक पाने के लिए विषय की समझ के साथ-साथ प्रस्तुतीकरण भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
छात्रों में दिखा आत्मविश्वास
कार्यक्रम के पश्चात विद्यार्थियों में नया उत्साह और आत्मविश्वास देखने को मिला। छात्रों ने कहा कि उन्हें सही दिशा और मार्गदर्शन मिला है, जिससे वे आगामी बोर्ड परीक्षाओं की बेहतर तैयारी कर पाएंगे।
शिक्षकों ने दिया पूर्ण सहयोग का आश्वासन
विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकों ने मिशन हंड्रेड को सफल बनाने के लिए अतिरिक्त कक्षाएं, नियमित टेस्ट और व्यक्तिगत मार्गदर्शन देने का आश्वासन दिया। मिशन हंड्रेड के माध्यम से जिले में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर करने की दिशा में यह कार्यक्रम मील का पत्थर साबित हो रहा है।
0 टिप्पणियाँ