प्रथम राष्ट्रीय रोवर–रेंजर जम्बूरी में कोरिया जिले को मिली स्थायी सहभागिता, 90 सदस्यीय दल ने रचा इतिहास


चरचा कॉलरी। भारत स्काउट एवं गाइड द्वारा आयोजित प्रथम राष्ट्रीय रोवर–रेंजर जम्बूरी में छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले को स्थायी सहभागिता का गौरव प्राप्त हुआ है। यह जिले के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि मानी जा रही है। इस राष्ट्रीय आयोजन में कोरिया जिले से 90 सदस्यीय दल ने सहभागिता कर जिले एवं राज्य का नाम देशभर में गौरवान्वित किया।

यह भव्य जम्बूरी 9 जनवरी 2026 से 13 जनवरी 2026 तक ग्राम दूधली, जिला बालोद में आयोजित की गई। आयोजन राष्ट्रीय जम्बूरी नई दिल्ली के तत्वावधान में संपन्न हुआ, जिसमें देशभर से हजारों रोवर–रेंजर, स्काउट-गाइड एवं स्वयंसेवकों ने भाग लिया।

हिन्द विद्यालय चरचा की उल्लेखनीय भूमिका

कोरिया जिले के दल में हिन्द विद्यालय इंग्लिश मीडियम हायर सेकेंडरी स्कूल, चरचा से स्काउटर शिक्षक राजा राम देवांगन, गाइडर शिक्षक निशांत आरा, स्काउट-गाइड आर.ए. अंशु, आर्यन शास्त्री, दुर्गेश राजवाड़े एवं संजीव गुप्ता ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

दल में शामिल रहे 27 रोवर, 42 रेंजर, स्काउट-गाइड 
प्रशिक्षक एवं अधिकारी प्रतिभागियों ने अनुशासन, सेवा भावना, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

राज्यपाल ने किया उद्घाटन

जम्बूरी का उद्घाटन छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रमेन डेका के करकमलों से हुआ। इस अवसर पर राष्ट्रीय आयुक्त डॉ. के.के. खंडेवाला सहित देशभर के स्काउट-गाइड पदाधिकारी उपस्थित रहे।

नेतृत्व एवं मार्गदर्शन

कोरिया जिले के दल का संचालन जिला मुख्य आयुक्त व जिला अध्यक्ष देवेंद्र तिवारी के मार्गदर्शन में जिला शिक्षा अधिकारी सह पदेन जिला आयुक्त स्काउट विनोद कुमार राय के निर्देशानुसार किया गया।

यूथ पार्लियामेंट रहा विशेष आकर्षण जम्बूरी के दौरान आयोजित यूथ पार्लियामेंट कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने लोकसभा अध्यक्ष की भूमिका निभाई।
उन्होंने युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान और राष्ट्रीय मुद्दों पर प्रेरणादायक संदेश दिया। प्रतिभागियों ने भी मंच से अपने विचार प्रस्तुत किए।

राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि

छत्तीसगढ़ राज्य से उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 15 प्रतिभागियों ने नेशनल सर्टिफिकेट एवं सिलेक्ट ग्रेड प्राप्त किया। प्रतिदिन आयोजित क्विज प्रतियोगिता में हिन्द विद्यालय चरचा की गाइड आर.ए. अंशु को विशेष बैज प्रदान किए गए। उन्हें स्कार्फ, वोगल एवं कैंप ड्रेस पहनाकर सम्मानित किया गया।

विद्यालय में हुआ सम्मान समारोह

इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में हिन्द विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि रहे नगर पालिका अध्यक्ष अरुण जायसवाल, नपा उपाध्यक्ष राजेश सिंह, वरिष्ठ पत्रकार नीरज गुप्ता, पत्रकार अंकित अग्रवाल, राजेन्द्र पाल, रमेश सिंह विद्यालय प्राचार्य शशि भूषण राय
कार्यक्रम में चारों स्काउट-गाइड विद्यार्थियों को मेडल एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

स्थायी सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान

राष्ट्रीय स्तर पर अनुशासन, समयबद्धता, सेवा भावना एवं उत्कृष्ट समन्वय को देखते हुए आयोजक समिति द्वारा कोरिया जिले को भविष्य की राष्ट्रीय रोवर–रेंजर जम्बूरी में स्थायी भागीदारी प्रदान की गई। समापन समारोह में जिले को स्थायी सहभागिता प्रमाण-पत्र सौंपा गया।

विविध प्रशिक्षण एवं सेवा गतिविधियाँ

जम्बूरी के दौरान प्रतिभागियों को साहसिक गतिविधियाँ आपदा प्रबंधन, सामाजिक सेवा, स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण, नेतृत्व विकास, राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर विशेष प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही रक्तदान जागरूकता, जल संरक्षण, डिजिटल साक्षरता एवं स्वच्छ भारत अभियान से जुड़े कार्यक्रमों में कोरिया जिले के प्रतिभागियों की सक्रिय भूमिका को विशेष सराहना मिली।

छत्तीसगढ़ी संस्कृति की शानदार प्रस्तुति

जम्बूरी परिसर में विभिन्न राज्यों के सांस्कृतिक पंडाल आकर्षण का केंद्र रहे, जहां कोरिया जिले के प्रतिभागियों ने छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य, पारंपरिक वेशभूषा एवं सांस्कृतिक प्रस्तुति के माध्यम से प्रदेश की पहचान राष्ट्रीय मंच पर स्थापित की।

नई पीढ़ी को मिली प्रेरणा

इस ऐतिहासिक उपलब्धि से कोरिया जिले में स्काउट–गाइड गतिविधियों को नई दिशा मिली है। प्रतिभागियों ने इस सफलता का श्रेय अपने प्रशिक्षकों, जिला स्काउट-गाइड संगठन, विद्यालय प्रबंधन एवं जिला प्रशासन को देते हुए कहा कि यह अनुभव उनके जीवन में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्रसेवा की भावना को और सशक्त करेगा।
यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के लिए राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने की प्रेरणा बनेगी। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ