जिला स्तरीय राष्ट्रीय युवा दिवस का भव्य आयोजन, स्वामी विवेकानंद के विचारों से युवाओं में जागा राष्ट्र निर्माण का संकल्प


जिला कोरिया।छत्तीसगढ़ शासन द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अंतर्गत संचालक, खेल एवं युवा कल्याण विभाग रायपुर के निर्देशन में जिला स्तरीय राष्ट्रीय युवा दिवस 2026 का आयोजन शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बैकुण्ठपुर में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला शिक्षा अधिकारी कोरिया श्री विनोद कुमार राय, जिला खेल अधिकारी श्री जितेन्द्र कुमार गुप्ता, संस्था के प्राचार्य श्री अमृतलाल गुप्ता, जय नाथ वाजपेई (जिला प्रोग्रामर) तथा श्रीमती साहिस्ता अंजुम अली (वरिष्ठ व्याख्याता) की उपस्थिति में हुआ।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री विनोद कुमार राय ने स्वामी विवेकानंद के जीवन और दर्शन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिकागो में आयोजित विश्व धर्म महासभा में दिए गए उनके ऐतिहासिक भाषण ने पूरी दुनिया में भारत और हिन्दुत्व की नई पहचान बनाई। उन्होंने “अमेरिका के मेरे भाइयों और बहनों” जैसे सरल शब्दों के माध्यम से संपूर्ण विश्व को भाईचारे और मानवता का संदेश दिया, जो आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।

कार्यक्रम में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 100 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाषण, काव्य पाठ और रंगोली प्रतियोगिताओं में भाग लिया। युवाओं ने स्वामी विवेकानंद के विचारों, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी को रचनात्मक रूप से प्रस्तुत किया।

प्रतियोगिताओं के समापन पर पार्षद श्री रजनीश गुप्ता एवं अन्य अतिथियों द्वारा विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम एवं द्वितीय पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैकुण्ठपुर के राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्वयंसेवकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिन्होंने पूरे आयोजन को सुचारू रूप से संचालित करने में सक्रिय भूमिका निभाई।

इस आयोजन के माध्यम से युवाओं में स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प और अधिक सशक्त हुआ।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ