प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम ने विभागवार कार्यों की समीक्षा की, दलहन-तिलहन रकबा बढ़ाने व पॉम ऑयल उत्पादन को बढ़ावा देने पर दिया जोर......


कोरिया। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष बैकुण्ठपुर में प्रदेश के आदिम जाति विकास, कृषि विकास एवं किसान कल्याण, जैव प्रौद्योगिकी, मछली पालन एवं पशुधन मंत्री तथा कोरिया जिले के प्रभारी मंत्री श्री रामविचार नेताम की अध्यक्षता में विभागवार कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में भरतपुर–सोनहत विधायक श्रीमती रेणुका सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

बैठक के दौरान मंत्री श्री नेताम ने जिले में संचालित विभिन्न नवाचारों की जानकारी ली। कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी ने कोरिया मोदक लड्डू, सोनहनी शहद उत्पादन सहित जिले में किए जा रहे नवाचारों की विस्तार से जानकारी दी।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान सीएमएचओ ने बताया कि वयोवंदना योजना के अंतर्गत जिले में 7,632 कार्ड बनाए जा चुके हैं, जो 106 प्रतिशत से अधिक प्रगति दर्शाता है। वहीं अन्य योजनाओं के तहत कुल 2 लाख 67 हजार 747 कार्ड बनाए गए हैं, जो 96 प्रतिशत उपलब्धि है। प्रदेश के पहले वयोवृद्ध केयर क्लीनिक की जानकारी भी बैठक में दी गई।

धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत 154 ग्रामों में 2,685 जाति प्रमाण पत्र बनाए जाने की जानकारी दी गई। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास (ग्रामीण), मनरेगा सहित अन्य योजनाओं की भी विस्तार से समीक्षा की गई। जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने योजनाओं की प्रगति से अवगत कराया।

मंत्री श्री नेताम ने दलहन-तिलहन के रकबे को बढ़ाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि किसान केवल धान पर निर्भर न रहें, बल्कि उद्यानिकी, फल-फूल, मसाले एवं वैकल्पिक फसलों को अपनाएं। उन्होंने जल संरक्षण को प्राथमिकता देने और जिले में पॉम ऑयल उत्पादन को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।

युवाओं में बढ़ते सूखा नशा, ड्रग्स एवं इंजेक्शन के उपयोग पर चिंता व्यक्त करते हुए मंत्री ने संबंधित विभागों को निरंतर एवं सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना एवं ग्रामीण यांत्रिकी विभाग को निर्देशित किया कि सड़क, पुल एवं पुलिया निर्माण से पहले संबंधित विधायक एवं जनप्रतिनिधियों को अवगत कराना सुनिश्चित करें।

मंत्री श्री नेताम एवं विधायक श्रीमती रेणुका सिंह ने वन विभाग को बड़े पैमाने पर चंदन पौधरोपण करने के निर्देश दिए और जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने पर भी बल दिया।
मंत्री श्री नेताम ने नव वर्ष एवं छेरछेरा पर्व की शुभकामनाएं देते हुए सभी अधिकारियों से स्वीकृत कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने का आग्रह किया। उन्होंने बुजुर्ग स्वास्थ्य केन्द्र की सराहना करते हुए कहा कि सरकार अपने घोषणा पत्र के प्रत्येक बिंदु को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

समीक्षा बैठक में कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक श्री रवि कुमार कुर्रे, जिला वन मंडलाधिकारी श्री चंद्रशेखर सिंह, जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री मोहित पैकरा, उपाध्यक्ष श्रीमती वंदना राजवाड़े, अपर कलेक्टर श्री सुरेंद्र प्रसाद वैद्य, बैकुण्ठपुर एसडीएम श्री उमेश कुमार पटेल, सोनहत एसडीएम श्री अंशुल वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ