जिला कोरिया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) द्वारा छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस संगठन को सशक्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। एआईसीसी के सामान्य सचिव एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी श्री सचिन पायलट द्वारा 14 जनवरी 2026 को जारी अधिसूचना के तहत प्रदेश के विभिन्न ब्लॉकों में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों की नियुक्ति की गई है।
इसी क्रम में नगर पालिका शिवपुर चरचा के पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अजीत लकड़ा को शिवपुर चरचा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति से क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में उत्साह का माहौल है।
नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष अजीत लकड़ा ने छत्तीसगढ़ नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत व पूर्व विधायक बैकुंठपुर श्रीमती अंबिका सिंहदेव का आभार व्यक्त किया।
अजीत लकड़ा ने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगे। उन्होंने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना, कार्यकर्ताओं को एकजुट रखना तथा कांग्रेस की विचारधारा और जनहितकारी नीतियों को आम जनता तक पहुंचाना उनकी प्रमुख प्राथमिकता रहेगी।
अजीत लकड़ा ने एआईसीसी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिवपुर चरचा क्षेत्र में कांग्रेस को और अधिक मजबूत बनाने के लिए वे लगातार जनसंपर्क करेंगे और जनसमस्याओं के समाधान हेतु संघर्षरत रहेंगे। उन्होंने सभी कांग्रेसजनों से एकजुट होकर संगठन को मजबूती देने की अपील की।
उन्होंने कहा कि शिवपुर चरचा क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी की जड़ें और मजबूत करने के लिए युवा कार्यकर्ताओं, महिला कांग्रेस तथा वरिष्ठ कांग्रेसजनों को साथ लेकर संगठनात्मक ढांचे को सुदृढ़ किया जाएगा। प्रत्येक बूथ और वार्ड स्तर पर सक्रिय समितियों का गठन कर नियमित बैठकें आयोजित की जाएंगी, जिससे पार्टी की नीतियां और कार्यक्रम आम जनता तक सीधे पहुंच सकें।
अजीत लकड़ा ने यह भी कहा कि क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं जैसे रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क और नगर विकास को लेकर कांग्रेस लगातार संघर्ष करती रही है और आगे भी जनता की आवाज बनकर मजबूती से खड़ी रहेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आम नागरिकों के सुख-दुख में कांग्रेस कार्यकर्ता सदैव आगे रहेंगे।
नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष ने कहा कि आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ जनआंदोलन और रचनात्मक कार्यक्रमों के माध्यम से पार्टी को नई ऊर्जा दी जाएगी। अंत में उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होकर कांग्रेस को सशक्त बनाने और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।
0 टिप्पणियाँ