चरचा कॉलरी। नगर एवं कोल क्षेत्र चरचा कॉलरी में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास, उत्साह और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाया गया। विभिन्न शासकीय, अर्धशासकीय, शैक्षणिक संस्थानों एवं सामाजिक संगठनों में ध्वजारोहण कर संविधान और देश के प्रति निष्ठा प्रकट की गई।
नगर पालिका परिषद कार्यालय एवं स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय में नगर पालिका अध्यक्ष अरुण जयसवाल ने नगर पालिका अधिकारी एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
काले हीरे की नगरी चरचा माइन आरओ स्थित सह क्षेत्र प्रबंधक कार्यालय में सह क्षेत्र प्रबंधक संजय कुमार ने सुरक्षा प्रहरियों की परेड की सलामी लेकर राष्ट्रध्वज को शान के साथ फहराया।
क्षेत्रीय चिकित्सालय में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्रीमती एस. मिंज ने ध्वजारोहण किया।चरचा वेस्ट मैनेजर कार्यालय में खान प्रबंधक सिमरजीत सिंह द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। टावर चौक स्थित ॐ साईं मोटर एवं ऑटो मालिक संघ कोरिया के सदस्यों द्वारा भी ध्वजारोहण कर गणतंत्र दिवस मनाया गया।
चरचा थाना परिसर में थाना प्रभारी प्रमोद पाण्डेय ने सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराया। मुस्लिम समुदाय की अंजुमन कमेटी द्वारा मस्जिद परिसर के समीप राष्ट्रीय ध्वज फहराकर आपसी भाईचारे एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया।
क्षेत्र के सभी शैक्षणिक संस्थानों —
सरस्वती शिशु मंदिर, ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल, वैष्णवी पब्लिक स्कूल, आदर्श हाई स्कूल, सभी शासकीय विद्यालय, सहकारी उपभोक्ता भंडार तथा सभी ट्रेड यूनियन कार्यालयों में भी ध्वजारोहण किया गया। कई विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रभात फेरी निकालकर देशभक्ति का संदेश दिया गया।
हिंदी विद्यालय में नगर पालिका उपाध्यक्ष राजेश सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। गणतंत्र दिवस के अवसर पर हिंद विद्यालय इंग्लिश मीडियम हायर सेकंडरी स्कूल में स्काउट–गाइड दल द्वारा ध्वजारोहण के दौरान आकर्षक सलामी दी गई।
विद्यालय में विद्यार्थियों द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक झांकियों की प्रस्तुति दी गई, जिसमें महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, झांसी की रानी लक्ष्मीबाई, चंद्रशेखर आज़ाद एवं छत्तीसगढ़ महतारी की वेशभूषा में बच्चों ने दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजेश सिंह रहे। विशिष्ट अतिथि पूर्व नपाध्यक्ष अभिमन्यु मुदुली, वरिष्ठ पत्रकार नीरज गुप्ता पत्रकार अंकित अग्रवाल, पूर्व पार्षद एजाज गुड्डू रहे। कार्यक्रम कि अध्यक्षता स्कूल डायरेक्टर मो.निसार खान ने किया।
इसके साथ ही चरचा क्षेत्र के सभी विद्यालयों में देशभक्ति गीत, नृत्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भव्य प्रस्तुतियां हुईं, जिससे संपूर्ण क्षेत्र देशप्रेम की भावना से ओतप्रोत नजर आया।
हिन्द विद्यालय इंग्लिश मीडियम हायर सेकंडरी स्कूल में नगर पालिका उपाध्यक्ष राजेश सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि गणतंत्र दिवस हमारे संविधान, लोकतंत्र और नागरिक अधिकारों का प्रतीक है। यह दिन हमें देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करने का संकल्प लेने की प्रेरणा देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अनुशासन, शिक्षा और राष्ट्रभक्ति को अपने जीवन का मूल मंत्र बनाएं तथा देश के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही आने वाले कल के कर्णधार हैं। यदि युवा पीढ़ी ईमानदारी, परिश्रम और संविधानिक मूल्यों को आत्मसात कर आगे बढ़ेगी तो देश निश्चित रूप से प्रगति के पथ पर अग्रसर होगा।
नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री सिंह ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को स्मरण करते हुए कहा कि हमें उनके आदर्शों पर चलकर राष्ट्र सेवा को सर्वोपरि रखना चाहिए।
पूर्व मंडल अध्यक्ष अभिमन्यु मुदुली ने अपने संबोधन में कहा कि गणतंत्र दिवस हमें हमारे अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है। संविधान ने हमें समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार दिया है, वहीं देश की एकता और अखंडता बनाए रखने की जिम्मेदारी भी हम सभी नागरिकों पर है।
उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता है कि हम जाति, धर्म और वर्ग से ऊपर उठकर राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखें तथा युवा पीढ़ी को राष्ट्रनिर्माण के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने आगे कहा कि देश की आज़ादी हजारों वीर सपूतों के त्याग और बलिदान से मिली है, जिसे बनाए रखना हम सभी का नैतिक दायित्व है। हमें संविधान में निहित मूल्यों को अपने आचरण में उतारते हुए समाज में सद्भाव, भाईचारा और समरसता बनाए रखने का संकल्प लेना चाहिए।
पूर्व मंडल अध्यक्ष श्री मुदुली ने विद्यार्थियों से अपील करते हुए कहा कि वे नशा, अपराध और कुरीतियों से दूर रहकर शिक्षा, संस्कार और अनुशासन के मार्ग पर चलें तथा एक जिम्मेदार नागरिक बनकर देश के विकास में योगदान दें।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रबंधन समिति, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
स्कूल डायरेक्टर निसार खान ने गणतंत्र दिवस कि शुभकामनाएं देते हुए छात्र छात्राओं को संबोधित किया कि जो भी छात्र छात्राए 12वीं कक्षा में 95% प्रतिशत अंक से पास होते हैं तो उन्हें 51 हजार रुपए एवं 10 वीं कक्षा के छात्र-छात्राओं 95% प्रतिशत अंक प्राप्त करते हैं उन छात्राओं को 21 हजार रुपए व आगे कि पढ़ाई स्कूल संस्था कि ओर से दिया जाएगा।
0 टिप्पणियाँ