हाई स्कूल में हादसा टला, अचानक गिरा विशाल पेड़, खबर छपते ही जागा प्रशासन, स्कूल में हुई सफाई

 


चरचा कॉलरी कोरिया।नगर पालिका क्षेत्र स्थित शासकीय हाई स्कूल प्रांगण में गुरुवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। विद्यालय परिसर में खड़ा विशाल महुआ का पेड़ अचानक भरभरा कर गिर पड़ा। घटना के समय विद्यालय में सैकड़ों छात्र-छात्राएं अध्ययनरत थे।
पेड़ की भारी डगाल गिरते ही विद्यालय परिसर में भय का माहौल बन गया। भयभीत छात्र-छात्राएं तत्काल सुरक्षित स्थानों की ओर पहुंचे। सौभाग्य से इस दुर्घटना में कोई जानमाल की हानि नहीं हुई। घटना के बाद छात्रों और अभिभावकों में गहरी चिंता और नाराज़गी देखी गई। अभिभावकों ने कहा कि यदि पेड़ कक्षाओं की ओर गिरता तो बड़ा हादसा हो सकता था। बच्चों ने भी बताया कि परिसर में कई पुराने पेड़ जर्जर हो चुके हैं, जिन पर तत्काल ध्यान देने की आवश्यकता है।

घटना की जानकारी मिलते ही विद्यालय प्रबंधन ने नगर पालिका को सूचित किया, लेकिन कर्मचारियों ने तत्काल मौके पर पहुँचने की जहमत नहीं उठाई। प्रशासन की इस लापरवाही से छात्र, शिक्षक और अभिभावक आक्रोशित हो उठे थे। मामले की गंभीरता तब और बढ़ गई जब स्थानीय पत्रकार ने इसे समाचार पत्र में प्रकाशित किया। खबर सामने आते ही नगर पालिका हरकत में आई और शुक्रवार की सुबह कर्मचारी दल स्कूल पहुँचा।
नगर पालिका कर्मचारियों ने पेड़ की बड़ी-बड़ी डगालों को काटकर हटाया और पिकअप वाहन से लकड़ियाँ बाहर ले गए। साथ ही पूरे परिसर की सफाई भी की गई। विद्यालय प्रबंधन और अभिभावकों ने नगर पालिका से मांग की है कि परिसर में लगे सभी पुराने और जर्जर पेड़ों की समय रहते छँटाई व जाँच की जाए, ताकि भविष्य में किसी अनहोनी से बचा जा सके।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन को केवल घटना के बाद ही नहीं, बल्कि पहले से ही सुरक्षा उपायों पर गंभीरता दिखानी चाहिए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ