चरचा काॅलरी जिला कोरिया। नगर पालिका शिवपुर चरचा क्षेत्र के विवेकानंद कालोनी स्थित क्वार्टर नंबर 1413 में शुक्रवार की रात एक सुनियोजित चोरी की घटना ने क्षेत्रवासियों को सकते में डाल दिया। घटना में एसईसीएल में इलेक्ट्रिकल हेल्पर पद पर कार्यरत कुमार गौरव सिंह के घर से सोने-चांदी के गहनों के साथ करीब 8 हजार रुपए नकदी चोरी कर लाखों रुपए की अमूल्य संपत्ति चोर ले भागे।
बताया गया है कि कुमार गौरव सिंह अपनी नाइट शिफ्ट पर कार्यरत थे, जिसके चलते घर पर कोई मौजूद नहीं था। चोरों ने आधी रात के समय घर का ताला तोड़कर प्रवेश किया और अलमारी का ताला भी तोड़कर रखा सामान लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी सुबह कुमार गौरव सिंह के लौटने पर हुई, उन्होंने पड़ोसियों की मदद से तुरंत पुलिस को सूचित किया।
प्रारंभिक जांच में यह पता चला कि चोरी की गई वस्तुओं में दो सोने की ईयरिंग, एक सोने की अंगूठी, तीन सोने के मंगल सूत्र, दो बच्चों के सोने के लॉकेट, चार चांदी के पायल, दो बच्चों के कड़े, एक कमरबंद, चांदी के मेहंदी व चाभी छल्ले सहित अन्य मूल्यवान वस्तुएं शामिल हैं।
स्थानीय निवासी जाग्रति कुर्रे ने बताया कि हाल के महीनों में चोरी की घटनाओं में निरंतर वृद्धि हो रही है। हम अपने घर में सीसीटीवी कैमरे लगा रखे हैं जिसमें देखने से यह पता चल रहा है कि एक ही लड़का है परन्तु चेहरा साफ दिखाई नहीं दे रहा है। लेकिन चरचा में चोरी कि वारदात लगातार बढ़ता जा रहा है इससे यहां के निवासी भयभीत महसूस कर रहे हैं, जबकि थाना प्रशासन को कई बार सूचित किया गया, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
चरचा थाना प्रभारी उप निरीक्षक प्रमोद पाण्डेय ने बताया कि मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी गई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, साथ ही क्षेत्रवासियों से भी पूछताछ की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि विशेष टीम गठित की जा रही है, ताकि अपराधियों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके।उप निरीक्षक प्रमोद पाण्डेय ने आश्वासन दिया कि जल्द ही इस प्रकार की घटनाओं पर कड़ा नियंत्रण स्थापित करने के लिए नए सुरक्षा उपाय लागू किए जाएंगे। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की है कि वे अपने आस-पास के संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
इस घटना ने प्रशासन के लिए गंभीर चुनौती प्रस्तुत कर दी है। नागरिक और जनप्रतिनिधि मिलकर सुरक्षा व्यवस्था को सशक्त करने हेतु अभियान चलाने पर जोर दे रहे हैं ताकि भविष्य में पुनः ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
0 टिप्पणियाँ