सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम पर भाजपा की जिला कार्यशाला सम्पन्न

अंकित अग्रवाल संवादाता 
कोरिया चरचा काॅलरी। सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम को लेकर भाजपा जिला कार्यालय छिंदडांड़ में भव्य जिला कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता, पं. दीनदयाल उपाध्याय जी व डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। जिला कार्यशाला का संचालन मुख्य अतिथि प्रदेश उपाध्यक्ष प्रबल प्रताप जुदेव व जिलाध्यक्ष देवेन्द्र तिवारी की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर प्रबल प्रताप जुदेव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने देश के 79वें स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर आत्मनिर्भर भारत का संकल्प लेते हुए समाज के हर वर्ग तक विकास की योजनाओं को पहुंचाने का आह्वान किया है। उन्होंने बताया कि सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम 17 सितंबर से 02 अक्टूबर तक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के जन्मदिन से गांधी जयंती तक चलेगा। इसका उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम पंक्ति तक पहुंचाना है।

जिलाध्यक्ष देवेन्द्र तिवारी ने कहा कि सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जांच, खेल प्रतियोगिता व चित्रकला कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही उन्होंने बताया कि इसके सफल आयोजन हेतु जिला व मंडल स्तर पर संयोजक व सदस्य नियुक्त किए गए हैं। उन्होंने आगामी गतिविधियों पर भी प्रकाश डाला।

पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्णबिहारी जायसवाल ने इस अभियान को समाज में सकारात्मक परिवर्तन का आधार बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने जनसेवा से जुड़े कार्यों का शुभारंभ करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है।

जिला पंचायत अध्यक्ष मोहित पैकरा ने कहा कि सेवा पखवाड़ा के माध्यम से विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत पर प्रबुद्ध जनों के साथ संवाद स्थापित किया जाएगा। साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के व्यक्तित्व एवं उपलब्धियों पर भी चर्चा होगी।

कार्यक्रम का मंच संचालन जिला महामंत्री कपिल जायसवाल ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन पंकज गुप्ता ने किया। कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष अशोक जायसवाल, बसंत राय, अनिल साहू, रविशंकर राजवाड़े, चुन्नी पैकरा, शिव कुमारी सोनपाकर, शारदा गुप्ता, प्रदीप तिवारी, कृष्णावती यादव सहित अन्य गणमान्य भाजपा कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित रहे।

इस प्रकार सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के माध्यम से जनसेवा की भावना को मजबूती देने तथा देश-प्रदेश की प्रगति में योगदान देने का संकल्प सभी कार्यकर्ताओं ने लिया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ