चरचा काॅलरी जिला कोरिया। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय छिंदडांड़ बैकुण्ठपुर में जीएसटी (वस्तु एवं सेवा कर) सुधारों को लेकर भव्य प्रेसवार्ता आयोजित की गई। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्री श्यामबिहारी जायसवाल, विधायक श्री भईयालाल राजवाड़े, जिलाध्यक्ष श्री देवेन्द्र तिवारी, पूर्व जिलाध्यक्ष श्री कृष्णबिहारी जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री मोहित पैकरा सहित कई वरिष्ठ भाजपा नेता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य मंत्री श्री श्यामबिहारी जायसवाल ने प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत आर्थिक महाशक्ति बनने की ओर तेजी से अग्रसर है। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक आयकर छूट के बाद अब जीएसटी के स्लैब सरलीकरण और रेट में अभूतपूर्व सुधार करके देश को विश्व की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यह सुधार आम नागरिक के जीवन को खुशहाल बनाने के साथ-साथ व्यापार और उद्योग को नई गति देंगे। जीएसटी कानूनों के सरलीकरण से व्यापारी भी अधिक सुगमता से कार्य कर सकेंगे। आगामी शारदीय नवरात्रि से लागू होने वाले नए प्रावधान देश को आर्थिक रूप से और भी शक्तिशाली बनाएंगे।
स्वास्थ्य मंत्री ने विशेष रूप से बताया कि एक राष्ट्र-एक टैक्स की भावना के साथ सभी अप्रत्यक्ष करों को एक कर प्रणाली में समाहित किया गया। इससे सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों को विशेष लाभ मिलेगा। रोजमर्रा उपयोग की वस्तुएं जैसे तेल, शैम्पू, टूथपेस्ट, मक्खन, पनीर, सिलाई मशीन, ट्रैक्टर, कृषि उपकरण, स्वास्थ्य व जीवन बीमा उत्पाद, शैक्षणिक वस्तुएं, इलेक्ट्रॉनिक्स व ऑटोमोबाइल उत्पाद अब किफायती हो गए हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि जीएसटी करदाता संख्या वर्ष 2017 में 66.5 लाख से बढ़कर 2025 में 1.51 करोड़ हो गई है। वित्त वर्ष 2024-25 में सकल जीएसटी संग्रह 22.08 लाख करोड़ रुपये रहा, जो केवल चार वर्षों में दोगुना हो चुका है।
विशेष रूप से स्वास्थ्य बीमा और जीवन बीमा उत्पादों पर कर समाप्त करने को ऐतिहासिक और सामाजिक सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण कदम बताया गया। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य हानिकारक उत्पादों पर 40 प्रतिशत कर लगाए गए हैं, जबकि बीड़ी पर मात्र 18 प्रतिशत का स्लैब रखा गया है। इसका फायदा विशेष रूप से तेंदू पत्ता संग्राहकों को मिलेगा और जनजातीय क्षेत्र में लघु वन्य उत्पादों की मांग बढ़ेगी।
श्री जायसवाल ने छत्तीसगढ़ राज्य को आर्थिक सुधार और उत्कृष्ट प्रबंधन के लिए केन्द्र से 6200 करोड़ रुपये प्रोत्साहन राशि मिलने को मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव सायजी के नेतृत्व में किए गए श्रेष्ठ कार्यों का उदाहरण बताया।
इस अवसर पर जिला कार्यालय मंत्री मंजू जिवनानी, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष धर्मवती राजवाड़े, मंडल अध्यक्ष अनिल खटिक, रमन गुप्ता, रवि त्रिपाठी, सतेन्द्र राजवाड़े, प्रखर गुप्ता, अन्नू दुबे, प्रियंका सिंह, साक्षी सिंह, अरशद खान, रोशन राजवाडे, अभिनेन्द्र चंदेल, दिनेश साहू, सुरेश सिरदार सहित भाजपा के अनेक कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ