बैकुंठपुर। पुलिस मुख्यालय छत्तीसगढ़, नया रायपुर से जारी आदेश के परिपालन में जिला कोरिया में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक महेश कुमार कुशवाहा को उप निरीक्षक के पद पर पदोन्नति प्रदान की गई। यह उपलब्धि न केवल उनके व्यक्तिगत जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है, बल्कि संपूर्ण पुलिस विभाग और उनके सहयोगियों के लिए गर्व एवं प्रेरणा का विषय बनी।
पदोन्नति समारोह पुलिस अधीक्षक कार्यालय, कोरिया में आयोजित हुआ। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कोरिया रवि कुमार कुर्रे (भा.पु.से.) एवं उप पुलिस अधीक्षक बैकुंठपुर श्यामलाल मधुकर की गरिमामयी उपस्थिति रही। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने विधिवत रूप से श्री कुशवाहा को स्टार लगाकर उन्हें नई जिम्मेदारी एवं दायित्वों का भार सौंपा।
समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री रवि कुमार कुर्रे ने अपने संबोधन में कहा पदोन्नति केवल सम्मान का प्रतीक नहीं है, बल्कि और अधिक जिम्मेदारी का संकेत भी है। हमें पूर्ण विश्वास है कि उप निरीक्षक महेश कुमार कुशवाहा अपनी निष्ठा, कर्तव्यपरायणता और ईमानदारी से पुलिस विभाग की गरिमा को और ऊँचाइयों पर ले जाएंगे।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक कार्यालय के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने नवपदस्थ उप निरीक्षक महेश कुमार कुशवाहा को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।
इस अवसर पर उप निरीक्षक महेश कुमार कुशवाहा ने भावुक शब्दों में अपने वरिष्ठ अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा यह पदोन्नति मेरे लिए प्रेरणा का कार्य करेगी। मैं पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर विभाग एवं जिले का नाम रोशन करने का हर संभव प्रयास करूंगा।
0 टिप्पणियाँ