वार्ड क्रमांक 5 में दुर्गा पंडाल परिसर में चला सफाई अभियाननगर पालिका शिवपुर चरचा में “स्वच्छता ही सेवा अभियान” के तहत जनप्रतिनिधि और कर्मचारी जुटे



शिवपुर चरचा। छत्तीसगढ़ शासन के निर्देश पर पूरे प्रदेश में “स्वच्छता ही सेवा अभियान” चलाया जा रहा है। इसी क्रम में नगर पालिका परिषद शिवपुर चरचा द्वारा नगर के सभी चौक-चौराहों, धार्मिक स्थलों और वार्डों में सफाई कार्य किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य नगर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाना है, साथ ही नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है।
इसी कड़ी में बुधवार को वार्ड क्रमांक 5 सुभाष नगर स्थित दुर्गा पंडाल परिसर और उसके आसपास विशेष सफाई अभियान चलाया गया। आगामी नवरात्रि पर्व और दुर्गा पूजा को देखते हुए नगर पालिका प्रशासन ने सफाई पर विशेष ध्यान केंद्रित किया है, ताकि श्रद्धालु स्वच्छ और सुखद वातावरण में पूजा-अर्चना कर सकें।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष अरुण जयसवाल, उपाध्यक्ष राजेश सिंह, मुख्य नगरपालिका अधिकारी वशिष्ठ कुमार ओझा, सफाई निरीक्षक हरिश जयसवाल, वार्ड पार्षद रामकली पाल, कुण्डल सायं, प्रदीप तिवारी, कुमुद मिश्रा, धर्मेन्द्र सिंह सहित भाजपा कार्यकर्ता और नगर पालिका कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर दुर्गा पंडाल प्रांगण और आसपास की गलियों में झाड़ू लगाकर कचरा हटाया और साफ-सफाई सुनिश्चित की।

नगर पालिका अध्यक्ष अरुण जयसवाल ने कहा कि “स्वच्छता किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि यह पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। दुर्गा पूजा जैसे पावन पर्व पर हम सभी को यह संकल्प लेना चाहिए कि अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें।”

वहीं उपाध्यक्ष राजेश सिंह ने लोगों से अपील की कि पूजा-पंडाल और सार्वजनिक स्थलों में गंदगी न फैलाएं और नगर को स्वच्छ बनाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि नगर पालिका लगातार वार्डों में सफाई अभियान चला रही है, लेकिन नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से ही इस अभियान को सफल बनाया जा सकता है।

मुख्य नगरपालिका अधिकारी वशिष्ठ कुमार ओझा ने बताया कि आगामी दिनों में नगर के अन्य वार्डों और धार्मिक स्थलों पर भी इसी प्रकार विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि दुर्गा महोत्सव के दौरान पूरे नगर में स्वच्छता पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

सफाई अभियान में जुटे भाजपा कार्यकर्ताओं और नगरपालिका कर्मचारियों ने कहा कि साफ-सुथरे वातावरण में पूजा करने का आनंद अलग ही होता है। साथ ही, स्वच्छता का संदेश आमजन तक पहुंचाने का यही सबसे बेहतर तरीका है।

स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत वार्ड क्रमांक 5 में चलाए गए इस विशेष सफाई अभियान से वहां के नागरिकों और श्रद्धालुओं ने भी संतोष व्यक्त किया। स्थानीय निवासियों ने नगर पालिका प्रशासन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छ वातावरण में उत्सव का महत्व और बढ़ जाता है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ