नवरात्रि पर हिन्द विद्यालय में भव्य गरबा महोत्सव का आयोजन


शिवपुर चरचा। शारदीय नवरात्रि का पावन पर्व देशभर में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। माता दुर्गा की आराधना और नौ दिनों तक चलने वाला यह पर्व न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि भारतीय संस्कृति और लोक परंपराओं की झलक भी प्रस्तुत करता है।

इसी अवसर पर चरचा क्षेत्र स्थित हिन्द विद्यालय अंग्रेजी माध्यम हायर सेकंडरी स्कूल में नवरात्रि उत्सव के अंतर्गत गरबा नृत्य का भव्य आयोजन किया गया। विद्यालय प्राचार्य शशि भूषण राय एवं सभी शिक्षकों के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में शनिवार को पहली से बारहवीं कक्षा तक के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रंग-बिरंगी पोशाकों में सजे बच्चों ने पारंपरिक लय पर गरबा नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। इससे एक दिन पूर्व नर्सरी से केजी-2 तक के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भी आकर्षक गरबा नृत्य कर खूब तालियां बटोरीं। बच्चों को नृत्य करता देख विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं भी खुद को रोक नहीं पाए और उन्होंने भी गरबा नृत्य में भाग लेकर उत्सव की खुशी को दोगुना कर दिया।
कार्यक्रम में कई छात्र-छात्राएं विशेष रूप से गुजराती पारंपरिक परिधानों में सजे हुए थे, जिससे पूरे माहौल में गरिमा और सांस्कृतिक आभा छा गई।

नवरात्रि पर्व की शोभा बढ़ाने वाले गरबा और डांडिया गुजरात की लोक संस्कृति के महत्वपूर्ण अंग हैं। गरबा माँ दुर्गा की आरती से पहले खेला जाता है, जिसमें केवल ताल और लय के साथ गोल घेरे में नृत्य किया जाता है। वहीं, डांडिया आरती के बाद खेला जाता है, जिसमें लकड़ी की डंडियों का प्रयोग किया जाता है और इसे डांडिया-रास भी कहा जाता है।

विद्यालय प्राचार्य शशि भूषण राय ने इस अवसर पर कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में सांस्कृतिक मूल्यों का विकास करते हैं और उन्हें भारतीय परंपराओं से जोड़ते हैं। शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी बच्चों को भारतीय संस्कृति से जुड़े रहने और ऐसे आयोजनों में सक्रिय भागीदारी करने का संदेश दिया।

इस दौरान सहायक प्राचार्य जयदेव पाण्डेय, प्रधान पाठक मिंटू द्विवेदी, शिक्षक शिक्षिकाए एवं सभी अभिभावकों की उपस्थिति में गरबा नृत्य कार्यक्रम संपन्न हुआ।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ