छत्तीसगढ़ महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े का जिला भ्रमण, विभागीय समीक्षा बैठक एवं विभिन्न केन्द्रों का निरीक्षण

छत्तीसगढ़ शासन की महिला एवं बाल विकास एवं समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े जिले का एक दिवसीय प्रवास पर पहुँचीं। इस अवसर पर उन्होंने विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की और साथ ही शासकीय बौद्धिक मंदता बालक विशेष आवासीय विद्यालय बैकुंठपुर, शक्ति सदन तथा विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण भी किया।


बैठक में मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए सख्त दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों के आसपास सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने, पोषण वाटिका विकसित कर पोषणीय सब्जियों का उत्पादन करने और बच्चों के पोषण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही सुपरवाइजरों को टीम के साथ मिलकर नियमित निरीक्षण करने एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों की साफ-सफाई बनाए रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने मातृ वंदना योजना के तहत लाभान्वित हितग्राहियों की समीक्षा भी की। उन्होंने महिलाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से उन्हें विभिन्न महिला समूहों से जोड़ने और दोनों विभागों को शासन की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया।
इस समीक्षा बैठक में संयुक्त संचालक महिला एवं बाल विकास श्री दिलदार सिंह मेरावी, संयुक्त संचालक समाज कल्याण श्री भूपेंद्र पांडेय, जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, अपर कलेक्टर श्री डी.डी. मांडवी, विभाग प्रमुख एवं अन्य अधिकारी तथा कर्मचारीगण उपस्थित थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ