एनएच-43 पर पुलिस का विशेष अभियान, कई वाहनों पर चालानी कार्रवाई




संवाददाता अंकित अग्रवाल 
शिवपुर चरचा जिला कोरिया। कोरिया जिले के तत्वावधान में थाना क्षेत्र अंतर्गत चरचा के मुख्य मार्ग स्थित एनएच-43 पर शनिवार की शाम पुलिस ने विशेष जागरूकता एवं चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों पर सख्ती दिखाते हुए कई चालान काटे गए।
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक कोरिया रवि कुर्रे के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल, एसडीओपी राजेश साहू तथा डीएसपी श्याम लाल मधुकर के मार्गदर्शन में यह अभियान संचालित किया गया। इसका उद्देश्य यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करना और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना था। आगामी दुर्गा पूजा पर्व को देखते हुए अभियान को विशेष सतर्कता और सख्ती के साथ अंजाम दिया गया।
डीएसपी श्याम लाल मधुकर, ट्रैफिक इंचार्ज उप निरीक्षक बीरबल राजवाड़े एवं चरचा थाना प्रभारी उप निरीक्षक प्रमोद पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एनएच-43 पर नाकाबंदी कर जांच की। इस दौरान ट्रिपल सवारी, बिना नंबर प्लेट, तेज आवाज वाले साइलेंसर, तेज रफ्तार में वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। वहीं चारपहिया वाहनों में ब्लैक फ्रेम तथा ओवरलोडिंग करने वालों पर भी जुर्माना लगाया गया।
अभियान के दौरान पुलिस ने कई वाहन चालकों को मौके पर ही यातायात नियमों की जानकारी दी और सावधानी बरतने की अपील की। अचानक हुई जांच से कुछ वाहन चालक घबराए, जबकि कई लोगों ने पुलिस की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे अभियान समय-समय पर चलते रहने चाहिए ताकि लापरवाह चालकों पर नियंत्रण रखा जा सके।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल चालान काटने तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों में यातायात के प्रति जागरूकता फैलाना इसका मुख्य उद्देश्य है। आम नागरिकों से अपील की गई कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, ट्रिपल सवारी से बचें, सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें और तेज रफ्तार से वाहन न चलाएं।

थाना प्रभारी ने बताया कि आगामी दिनों में विशेषकर त्यौहारों के दौरान ऐसे अभियान और भी सख्ती के साथ चलाए जाएंगे ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना एवं अव्यवस्था को रोका जा सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ