चरचा कॉलरी।छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार नगर पालिका परिषद शिवपुर चरचा में 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर 2025 तक “स्वच्छता ही सेवा अभियान” बड़े उत्साह और जोश के साथ चलाया गया। अभियान का उद्देश्य केवल सफाई करना नहीं, बल्कि हर नागरिक को इसमें भागीदार बनाकर स्वच्छ चरचा –स्वस्थ चरचा का संदेश देना था।
पावन छठ घाट से हुआ आगाज़
अभियान का शुभारंभ 17 सितम्बर की सुबह वार्ड क्रमांक-1 स्थित पावन छठ घाट पर सामूहिक श्रमदान से किया गया। नगर पालिका अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने मिलकर श्रमदान करते हुए स्वच्छता की मिसाल पेश की।
हर गली–मोहल्ले में चली झाड़ू
पखवाड़े भर चले इस अभियान के दौरान नगर पालिका टीम ने चरचा क्षेत्र के सभी वार्डों, गली–मोहल्लों और सार्वजनिक स्थलों की विशेष सफाई की। जगह-जगह जागरूकता शिविर लगाए गए, जिनमें नागरिकों को स्वच्छता के महत्व और गीले–सूखे कचरे के पृथक्करण के बारे में जानकारी दी गई। विद्यालयों के बच्चों, स्वयंसेवी संस्थाओं और स्थानीय युवाओं ने भी इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
गांधी जयंती पर हुआ समापन
2 अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर अभियान का समापन गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुरस्कार वितरण समारोह के साथ किया गया। इस दौरान उन वार्डों और नागरिकों को सम्मानित किया गया जिन्होंने अभियान में उत्कृष्ट योगदान दिया।
जनप्रतिनिधियों के विचार
नगर पालिका अध्यक्ष अरुण जयसवाल ने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान नहीं बल्कि जीवनशैली है। जब तक हम सभी लोग व्यक्तिगत स्तर पर जिम्मेदारी नहीं लेंगे तब तक वास्तविक परिवर्तन संभव नहीं। नगर पालिका परिषद नागरिकों के सहयोग से चरचा को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
नगर पालिका उपाध्यक्ष राजेश सिंह ने कहा कि गांधी जयंती पर स्वच्छता अभियान का समापन करना महात्मा गांधी को सच्ची श्रद्धांजलि है। इस अभियान में बच्चों, महिलाओं और युवाओं की भागीदारी सबसे प्रेरणादायक रही।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी वशिष्ठ कुमार ओझा ने बताया कि पूरे पखवाड़े के दौरान प्रतिदिन अलग-अलग वार्डों में सफाई अभियान और जागरूकता कार्यक्रम चलाए गए। आने वाले समय में नगर पालिका ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और आधुनिक संसाधनों के माध्यम से स्थायी स्वच्छता व्यवस्था विकसित करने की दिशा में कदम उठाएगी।
जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी
कार्यक्रम में उप अभियंता आलोक चक्रधारी, पार्षदगण, सफाई कर्मचारी, जनप्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ