श्रमवीर स्टेडियम में लगेगी 13 पटाख़ा दुकानें — नगर पालिका ने लॉटरी सिस्टम से किया चयन, दीपावली पर्व की तैयारियों को लेकर व्यापार संघ व प्रशासन की संयुक्त बैठक संपन्न


चरचा कॉलरी। दीपावली पर्व को लेकर नगर पालिका परिषद शिवपुर-चरचा में तैयारियां जोरों पर हैं। इसी कड़ी में बुधवार की शाम नगर पालिका परिषद कार्यालय में पटाख़ा दुकानों की अनुमति व व्यवस्थाओं को लेकर व्यापार संघ की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य नगर पालिका अधिकारी वशिष्ठ कुमार ओझा, नपाध्यक्ष अरुण जयसवाल, उप अभियंता आलोक चक्रधारी, राजस्व निरीक्षक श्रीमती माहेश्वरी पैकरा, पार्षद कुमुद मिश्रा, उप पुलिस निरीक्षक सोनवानी साहब, नगर पालिका कर्मचारी एवं स्थानीय पत्रकार उपस्थित रहे।

बैठक में दीपावली पर्व के दौरान लगने वाली पटाख़ा दुकानों की सुरक्षा, स्वच्छता, अग्निशमन व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और सार्वजनिक सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। नगर पालिका द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रमवीर स्टेडियम परिसर में पटाख़ा बाजार लगाने का निर्णय लिया गया।
लॉटरी सिस्टम से हुआ दुकानों का चयन

नगर पालिका ने प्रत्येक वर्ष कि भांति इस बार किसी प्रकार के विवाद से बचने के लिए पटाख़ा दुकानों के आवंटन हेतु लॉटरी सिस्टम अपनाया। लॉटरी प्रक्रिया के दौरान पारदर्शिता बनाए रखते हुए 1 से 13 तक की पर्चियाँ एक डब्बे में रखी गईं और व्यापारियों के नाम यादृच्छिक रूप से निकाले गए।
इस वर्ष नगर पालिका ने कुल 13 दुकानों को पटाख़ा बिक्री की अनुमति प्रदान की है। लॉटरी में चयनित दुकानदारों के नाम इस प्रकार हैं —
1️⃣ विद्यासागर
2️⃣ मो. खुर्शीद अंसारी
3️⃣ मो. जैनुल
4️⃣ प्रकाश शर्मा
5️⃣ संजीव कुमार सिंह
6️⃣ रंजन शर्मा
7️⃣ मोनू ठाकुर
8️⃣ भानु प्रताप सिंह
9️⃣ अमन कुमार शर्मा
🔟 नौशाद आलम
11️⃣ इरशाद आलम
12️⃣ जमालु
13️⃣ रानी शर्मा

प्रत्येक दुकानदार को नगर पालिका की ओर से 15x15 फीट क्षेत्रफल में दुकान लगाने की अनुमति प्रदान की गई है।

अनुपस्थित व्यापारियों को अनुमति नहीं

नगर पालिका द्वारा स्पष्ट किया गया कि बैठक में शामिल न होने वाले व्यापारियों को पटाख़ा दुकान लगाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इस वर्ष प्रशांत सेठिया, दिनेश वर्मा, कलाम, जानू वसीम तथा रमेश गुप्ता बैठक में अनुपस्थित नहीं रहे, जिसके चलते उन्हें अनुमति सूची से बाहर रखा गया।

स्टेडियम परिसर में की गई मार्किंग

नगर पालिका द्वारा गुरुवार को श्रमवीर स्टेडियम में 13 दुकानों की मार्किंग एवं लाइनिंग कार्य पूर्ण कर लिया गया। प्रत्येक दुकान के स्थान को क्रमवार अंकित किया गया है। नपा के अनुसार, सभी दुकानें सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए लगाई जाएंगी, जहां अग्निशमन वाहन, जल टैंकर और सुरक्षा कर्मी तैनात रहेंगे।

सुरक्षा और स्वच्छता पर रहेगा विशेष ध्यान

मुख्य नगर पालिका अधिकारी वशिष्ठ कुमार ओझा ने बताया कि दीपावली पर्व के दौरान नगर पालिका द्वारा सुरक्षा, यातायात और स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पटाख़ा दुकानों में केवल लाइसेंस प्राप्त पटाख़ों की बिक्री की अनुमति होगी तथा किसी भी प्रकार के अवैध या अत्यधिक विस्फोटक पटाख़ों की बिक्री पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

नपाध्यक्ष अरुण जयसवाल ने कहा कि दीपावली पर्व चरचा क्षेत्र की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान का प्रतीक है। नगर पालिका प्रशासन नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा के लिए पूरी तरह सजग है। उन्होंने सभी व्यापारियों और नागरिकों से सहयोग की अपील की कि वे सुरक्षा नियमों का पालन करें और त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं।

व्यापारियों ने जताया आभार

बैठक में उपस्थित व्यापारियों ने नगर पालिका के निर्णय का स्वागत किया और लॉटरी प्रणाली को निष्पक्ष बताया। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से पारदर्शिता बनी रहती है और किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न नहीं होता।

दीपावली की तैयारियां जोर पर

श्रमवीर स्टेडियम परिसर में अब पटाख़ा दुकानों की तैयारी अंतिम चरण में है। नगर पालिका द्वारा विद्युत व्यवस्था, साफ-सफाई, सुरक्षा बैरिकेडिंग और पार्किंग स्थल की व्यवस्था भी की जा रही है। आने वाले कुछ दिनों में चरचा क्षेत्र का पूरा माहौल दीपावली की रौनक से जगमगा उठेगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ