जिला कोरिया।रजत जयंती महोत्सव 2025 के अंतर्गत राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद, रायपुर तथा छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय विज्ञान संगोष्ठी 2025 की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता हाल ही में शासकीय शिक्षक शिक्षा महाविद्यालय, रायपुर में संपन्न हुई।
इस वर्ष संगोष्ठी का विषय था क्वांटम युग का आगाज़ संभावनाएं एवं चुनौतियाँ।इसी विषय पर अपने उत्कृष्ट प्रस्तुतीकरण और वैज्ञानिक दृष्टिकोण के दम पर सेजेस महलपारा, बैकुंठपुर (जिला कोरिया) की प्रतिभाशाली छात्रा कु. अंशिका कश्यप ने राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर कोरिया जिले का नाम पूरे प्रदेश में रोशन किया है।
क्या है क्वांटम युग?
इसे नई वैज्ञानिक-तकनीकी क्रांति कहा जा रहा है, जिसमें कंप्यूटिंग, संचार एवं सेंसरिंग जैसी प्रणालियाँ क्वांटम कणों के असामान्य व्यवहार का उपयोग करती हैं।
इसे सरल उदाहरण से समझें सिक्का उछालने पर जमीन पर गिरने से पहले वह ‘हेड’ और ‘टेल’ दोनों स्थितियों में एक साथ रहता है। यही अवस्था क्वांटम सुपरपोज़िशन कहलाती है, जो इस युग की आधारभूत अवधारणा है।
अंशिका ने यह उपलब्धि भौतिकी विषय की व्याख्याता श्रीमती शिल्पी सिंह के कुशल मार्गदर्शन में हासिल की है। राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने के साथ अब अंशिका कश्यप राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगी।
गर्व का क्षण
इस उल्लेखनीय सफलता पर शिक्षाविदों, विज्ञान प्रेमियों और जिले के नागरिकों ने अंशिका को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि कोरिया की प्रतिभाओं की मेहनत, लगन और वैज्ञानिक दृष्टिकोण का प्रमाण है।
0 टिप्पणियाँ