दोहरे हत्या काण्ड के आरोपियों की गिरफ्तारी में कोरिया पुलिस को बड़ी सफलता



कोरिया 21 अक्टूबर 2025/ जिला कोरिया की बैकुण्ठपुर पुलिस ने ग्राम बड़े साल्ही में घटित दोहरे हत्या काण्ड का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी से देशी कट्टा और 07 नग जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी से पहले वे एक अन्य बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।

घटना का विवरण

दिनांक 14 अक्टूबर 2025 की रात बचरापोंडी चौकी क्षेत्र के ग्राम बड़े साल्ही में रायराम केंवट के घर में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। मौके पर पहुँची पुलिस टीम ने देखा कि घर पूरी तरह जल चुका था। अंदर से रायराम का शव मिला जबकि उनकी पत्नी पार्वती बाई गंभीर रूप से झुलस गई थीं, जिन्हें तत्काल अस्पताल भेजा गया, लेकिन बाद में उनकी भी मृत्यु हो गई। मामले में हत्या और हत्या के प्रयास का अपराध दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई।

उच्च अधिकारियों के निर्देशन में गठित विशेष टीम

पुलिस महानिरीक्षक श्री दीपक कुमार झा एवं पुलिस अधीक्षक श्री रवि कुमार कुर्रे के निर्देशन तथा अति. पुलिस अधीक्षक श्री पंकज पटेल व एसडीओपी श्री राजेश कुमार साहू के मार्गदर्शन में बैकुण्ठपुर कोतवाली, पोड़ी बचरा चौकी एवं सायबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। जांच में यह खुलासा हुआ कि मृतक का दामाद सुरेश ठाकुर उर्फ बबलू उर्फ कानपुरिहा ने अपने साथी प्रदीप बैरागी के साथ मिलकर इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया था।
तकनीकी साक्ष्य और सायबर इनपुट से सुराग

घटना स्थल से पेट्रोल गंधयुक्त जेरिकेन का ढक्कन बरामद हुआ, साथ ही मृतिका पार्वती बाई के मृत्युकालीन कथन ने भी आरोपियों की संलिप्तता की पुष्टि की। जांच में पता चला कि ग्राम ठगगांव निवासी सहदेव सूर्यवंशी ने आरोपियों को घटना के बाद छिपने का ठिकाना बताया था। सायबर सेल से मिले इनपुट के आधार पर टीम ने आरोपियों का पीछा करते हुए कोरबा से लेकर महाराष्ट्र के नागपुर तक सर्च अभियान चलाया। जानकारी मिली कि आरोपी पुनः कोरिया लौट रहे हैं, जिसके बाद पुलिस ने रतनपुर और कटघोरा के बीच उन्हें धर दबोचा।

आरोपियों का कबूलनामा

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने पहले खड़गवां से पेट्रोल खरीदा और फिर रात में रायराम के घर पहुँचकर सोते हुए अवस्था में पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग की लपटों में मृतक की पत्नी भी झुलस गई। इसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

बरामदगी

मुख्य आरोपी सुरेश ठाकुर उर्फ कानपुरिया से पुलिस ने एक देशी कट्टा,07 नग जिंदा कारतूस,घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (Honda Levo क्रमांक UP77X 3746) बरामद की है।

पुलिस टीम का सराहनीय योगदान

इस प्रकरण में थाना प्रभारी निरीक्षक श्री बिपिन कुमार लकड़ा, सायबर प्रभारी निरीक्षक श्री विनोद पासवान, चौकी प्रभारी उनि. अब्दुल मुनाफ, उप निरीक्षक महेश कुशवाहा, प्र० आर० अरविंद कौल, दीपक पाण्डेय, नवीन साहू, आर० अमरेशानंद, शिवम सिन्हा, सजल जायसवाल, समीर जायसवाल, इलियास कुजूर, राजेश रगड़ा, मनोज पाण्डेय, राघवेन्द्र पुरी, रौसन एक्का, तथा रेंज सायबर थाना सरगुजा से आर० कुंदन सिंह व सुयश पैकरा की भूमिका महत्वपूर्ण रही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ