जिला कोरिया। कोरिया जिले ने एक बार फिर पूरे देश में छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है। नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित राष्ट्रीय कॉन्क्लेव ऑन ‘आदि कर्मयोगी अभियान’ में कोरिया जिले को ‘धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कर्ष अभियान’ में उत्कृष्ट कार्य के लिए राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हुआ। यह सम्मान स्वयं राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के करकमलों से कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी को प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री श्री जुएल उरांव, केंद्रीय राज्यमंत्री श्री दुर्गा दास उइके सहित देशभर से विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा को भी प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाअभियान और आदि कर्मयोगी अभियान में राज्य के उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु सम्मानित किया गया।
धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कर्ष अभियान बना विकास की मिसाल
कोरिया जिले में संचालित ‘धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कर्ष अभियान’ के तहत जनजाति बहुल क्षेत्रों में निरंतर विकास कार्य किए जा रहे हैं। इस अभियान के अंतर्गत जिले के 154 जनजातीय ग्रामों में बुनियादी सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, रोजगार, पेयजल, सड़क, बिजली और आवास जैसी मूलभूत जरूरतों की पूर्ति हेतु योजनाबद्ध प्रयास किए गए हैं।
यह अभियान जनजातीय समाज को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक अनोखी पहल सिद्ध हुआ है। राष्ट्रपति द्वारा प्रदान किया गया यह सम्मान कोरिया जिले के प्रशासन, स्थानीय निकायों और समुदायों द्वारा किए गए नवाचार, जनसहभागिता एवं सतत विकास के प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर स्वीकृति है।
राज्य के अन्य जिलों का भी उत्कृष्ट प्रदर्शन
कार्यक्रम में जिला धमतरी को पीएम-जनमन अभियान में उत्कृष्ट कार्य हेतु तथा जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी को अधोसंरचना विकास के क्षेत्र में प्रस्तुतीकरण देने के लिए चयनित किया गया।वहीं छत्तीसगढ़ राज्य को स्वास्थ्य एवं पोषण विषय पर विशेष प्रस्तुतीकरण हेतु आमंत्रित किया गया, जिससे राज्य के नवाचारों की राष्ट्रीय स्तर पर सराहना हुई।
राष्ट्रीय स्तर पर कोरिया का नाम रोशन
राष्ट्रपति द्वारा प्रदत्त यह सम्मान कोरिया जिले के लिए गर्व का क्षण है। कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी ने सम्मान ग्रहण करते हुए कहा कि यह उपलब्धि जिले के प्रत्येक अधिकारी, कर्मचारी और ग्रामीण जनता की सामूहिक प्रतिबद्धता का परिणाम है। हम जनजातीय क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।
कोरिया जिले के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कलेक्टर एवं जिला प्रशासन को बधाई दी है।
0 टिप्पणियाँ